Impact of the Iran war: ईरान जंग का भारत पर पड़ रहा बुरा असर, LPG के दाम बढ़ने के बाद अब 'पानी' का नंबर...

डिजिटल डेस्क, भोपाल। ईरान-अमेरिका जंग की वजह से भारत में एलपीजी की संकट गहरा गिया है। गैस एजेंसियों के सामने लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। सिलेंडर की कालाबाजारी भी हो रही है। इस बीच एक और बुरी खबर सामने आई है। इस युद्ध का असर अब भारत के पैकेज्ड ड्रिकिंग वॉटर (बोतलबंद पेयजल) मार्केट पर भी पड़ता दिख रहा है। दरअसल, वैश्विक तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और सप्लाई चेन प्रभावित होने की वजह से बोतलबंद पानी की लागत तेजी से बढ़ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका सीधा असर आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ सकता है।
रिपोर्ट में उद्योग से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि भारत का बोतलबंद पानी का बाजार करीब 5 अरब डॉलर का है। इसकी गिनती दुनिया के तेजी से बढ़ते बाजारों में की जाती है। शोध के अनुसार भारत का 70 फीसदी भूजल किसी न किसी रूप में प्रदूषित है, जिसकी वजह से बड़ी आबादी शुद्ध पानी पीने के लिए बोतलबंद पानी पर निर्भर रहता है।
गर्मी से पहले बोतलबंद पानी के उद्योग पर बढ़ता लागत का दबाव चिंता की वजह बन रहा है। रिपोर्ट में बताया गया है कि बोतलबंद पानी की निर्माता कंपनियों ने वितरकों को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने पत्र में बताया है कि युद्ध के चलते कच्चे माल की कीमतों में दिनों दिन बढ़ोतरी हो रही है। इस वजह से वितरण स्तर पर कीमतें बढ़ानी शुरू कर दी हैं।
आजतक की खबर के मुताबिक प्लास्टिक बोतल के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पॉलीमर की कीमत में बड़ा उछाल आया है। क्योंकि पॉलीमर कच्चे तेल से बनता है, जब तेल की कीमतें बढ़ रही हैं तो इसके निर्माण लागत भी बढ़ेगी। युद्ध के बाद से ही जिन सामग्री से बोतल का निर्माण होता है उसकी लागत प्रति किलोग्राम करीब 50 प्रतिशत बढ़ गई है।
बात केवल बोतल तक सीमित नहीं है। इसके ढक्कन, लेबल और पैकेजिंग सामग्री की कीमतें भी तेजी से बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि वैश्विक तेल की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रहती है और सप्लाई चैन इसी तरह प्रभावित रहती है तो आने वाले समय में बोतलबंद पानी की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। अगर ऐसा होता है तो इसका असर भीषण गर्मी में बोतलबंद पानी पर निर्भर उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।
Created On :   12 March 2026 11:07 PM IST












