लंदन मेयर चुनाव: ऋषि सुनक के बाद एक और भारतीय संभाल सकता है ब्रिटेन में बड़ा पद, लंदन के मेयर का लड़ेंगे चुनाव

ऋषि सुनक के बाद एक और भारतीय संभाल सकता है ब्रिटेन में बड़ा पद, लंदन के मेयर का लड़ेंगे चुनाव
  • ऋषि सुनक के बाद एक और भारतीय मूल का व्यक्ति लड़ेगा ब्रिटेन में चुनाव
  • दिल्ली के बिजनैसमेन तरूण गुलाटी लड़ेगें लंदन मेयर का चुनाव
  • पाकिस्तानी मूल के सादिक खान से होगा मुकाबला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ऋषि सुनक के ब्रिटेन का पीएम बनने के बाद अब लंदन को भी भारतीय मूल का मेयर मिल सकता है। दरअसल, दिल्ली के बिजनेसमैन तरूण गुलाटी ने अगले साल मई में होने वाले लंदन मेयर चुनाव के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। उन्हें भरोसा है कि वे इस चुनाव को जीतकर लंदन मेयर के पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय होंगे। तरूण करीब 20 साल से लंदन में रह रहे हैं। बता दें कि तरूण बीते दिनों भारत में ही थे और उन्होंने यहीं से ही मेयर का चुनाव लड़ने की घोषणा की थी।

ये रहेंगी प्राथमिकता

63 साल के तरूण गुलाटी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरने की योजना बना रहे हैं। उनकी प्राथमिकताओं में लंदन में सस्ते आवास, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और सभी शहरवासियों का भविष्य बेहतर बनाना है। उनका कहना है कि वह इसकी पुरजोर कोशिश करेंगे कि लंदन दुनिया का सबसे अच्छा शहर बने और यहां के लोग खुद को सुरक्षित व सशक्त महसूस करें। तरूण का कहना है कि लंदन में रह रहे निम्न व मध्यम वर्ग के लोगों के लिए काफी कुछ करने की जरुरत है। उन्हें उम्मीद है कि लोग चुनाव में उनका समर्थन करेंगे।

अपनी हालिया भारत यात्रा के दौरान उन्होंने कहा था कि, 'मैं पिछले 40 वर्षों से हर दिन अनुशासित जीवन जी रहा हूं। जल्दी उठता हूं और मेरे पास एक दिन पहले ही अगले दिन की पूरी योजना तैयार रहती है। मैं समय का बेहद पाबंद हूं। मैं उन लोगों की तरफ ध्यान नहीं देता, जो दूसरे की बातों में अपना समय बर्बाद करते हैं। मेरे पास लंदन की पूरी तरह से बदलने की कार्ययोजना पूरी तरह से तैयार है। मैं लंदनवासियों के चेहरे पर मुस्कुराहट और उत्साह वापस लाने के लिए बेकरार हूं।'

बता दें कि तरूण गुलाटी को साल 2009 में ब्रिटेन की नागरिकता मिली थी। भारत के बाद ब्रिटेन को अपना दूसरा घर बताने वाले तरूण दो बच्चों के पिता हैं और दिल्ली के अलावा मॉरीशस और कतर में भी काम कर चुके हैं।

पाकिस्तानी मूल के मौजूदा मेयर से होगा मुकाबला

मेयर चुनाव में तरूण का मुकाबला पाकिस्तानी मूल के सादिक खान से होगा, जो वर्तमान में लंदन के मेयर हैं। वह इस बार भी लेबर पार्टी से मेयर पद के उम्मीदवार होंगे। माना जा रहा है कि चुनाव में सादिक पर तरूण का पलड़ा भारी होगा। इन दोनों के अलावा कंजर्वेटिव पार्टी से सुजैन हिल भी दावेदारी पेश करेंगी। यदि वह इस चुनाव को जीत जाती हैं तो वह लंदन के मेयर पद पर पहुंचने वाली पहली महिला होंगी।

बता दें कि लंदन मेयर का चुनाव 2 मई 2024 को होगा। वहीं इसके लिए नामांकन करने की डेडलाइन अगले साल के मार्च महीने की है।

Created On :   9 Nov 2023 12:07 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story