Nepal News: पीएम बालेन शाह आज से भारत दौरे पर, दोनों देशो के मजबूत होंगे रिश्ते, PM मोदी से होगी अहम बातचीत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत पहुंचेंगे। मार्च में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा है। इस दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी, जिसमें दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, निवेश, कनेक्टिविटी और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होगी। नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। इसमें वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, मुख्य सलाहकार कुमार ब्यानजंकर और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोग की समीक्षा और भविष्य की संभावनाओं को आगे बढ़ाने का अवसर है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि बातचीत में ऊर्जा, विकास सहयोग, स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल जैसे नए क्षेत्रों पर भी जोर रहेगा। क्रिकेट को भी दोनों देशों के बीच संपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया है।
इस दौरे में नेपाल में अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठ सकता है। रॉयटर्स के मुताबिक, 26 अगस्त को आई बाढ़ में करीब 1,500 लोगों की मौत हुई थी और 5,200 से अधिक लोग लापता हो गए थे। बाढ़ से सड़क, पुल, बिजली संयंत्र और आवासीय ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा था। नेपाल भारत से पुनर्निर्माण में सहयोग और हवाई संपर्क बढ़ाने की मांग कर सकता है।
सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। इसके बाद दोनों नेता ऊर्जा क्षेत्र की कई परियोजनाओं का संयुक्त उद्घाटन करेंगे। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग से जुड़े समझौतों पर हस्ताक्षर और उनका आदान-प्रदान किया जाएगा। दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात और राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देना भी उनके कार्यक्रम में शामिल है।
Created On :  

