SCO Meeting: आतंकवाद पर पाकिस्तान का नया सुर! पाक मंत्री ने कहा - सबूत लाइए, मिलकर निकालेंगे हल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने भारत आए पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक ने आतंकवाद के मुद्दे पर अपनी बात रखी। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि आतंकवाद पर किसी भी बातचीत का आधार ठोस सबूत होने चाहिए। उनके मुताबिक, यह समस्या केवल किसी एक देश तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरा क्षेत्र इससे प्रभावित है। ऐसे में सभी देशों को मिलकर इसका समाधान तलाशना होगा।
मीडिया से बातचीत में मलिक ने कहा कि आतंकवाद से जुड़े मुद्दों पर चर्चा तभी सार्थक होगी, जब सभी पक्ष एक-दूसरे के सामने प्रमाण रखें। उन्होंने पाकिस्तान में आतंकवादी घटनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनके देश में हजारों लोग इस हिंसा का शिकार हुए हैं और लगातार लोगों की जान जा रही है।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद से निपटने के लिए सभी देशों को एक साझा मंच पर आना चाहिए। इस मंच पर संबंधित देश अपने-अपने सबूत रख सकें और उनके आधार पर समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।
यह भी पढ़े -बैरन की डेटिंग पर मां की नजर, मेलानिया बोलीं- दुनिया खतरों से भरी है, अमेरिका की प्रथम महिला की बेटे को खास सीख
पाक मंत्री ने साझा मंच बनाने की वकालत की
मुसादिक मलिक ने आतंकवाद के खिलाफ सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस समस्या से पूरा क्षेत्र प्रभावित है और पाकिस्तान का भी इसमें बड़ा हित जुड़ा हुआ है। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी देशों के बीच ऐसा फोरम होना चाहिए, जहां आतंकवाद से जुड़े मामलों पर प्रमाणों के साथ चर्चा हो सके।
मलिक ने दोहराया कि पाकिस्तान चाहता है कि हर मुद्दे पर तथ्यों और सबूतों के आधार पर बातचीत हो। उनका कहना था कि आपसी सहयोग से ही क्षेत्र के देश आतंकवाद का मुकाबला कर सकते हैं और इस समस्या को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
यह भी पढ़े -तीन महाशक्तियों के नेताओं की बैठक पर भारत का बयान, बांग्लादेश से लेकर रोहिंग्या मुद्दे तक पर रखी बात
पहलगाम हमले के बाद पहली बार भारत आए पाकिस्तानी मंत्री
गौरतलब है कि साल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के संबंधों में तनाव बना हुआ है। इस घटनाक्रम के बाद पाकिस्तानी मंत्री की यह भारत यात्रा चर्चा में है।
मुसादिक मलिक SCO के सभ्यतागत संवाद मंच में शामिल होने भारत पहुंचे हैं। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आयोजित 'सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां' विषयक सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने संवाद की अहमियत पर भी बात की। मलिक ने कहा कि बातचीत अलग-अलग पहचान और विविधताओं के बीच होती है। उन्होंने कहा कि सभी पक्ष इसी संवाद में भाग लेने के उद्देश्य से यहां आए हैं।
Created On :  

