US-North Korea Relation: ट्रंप की हर कोशिश नाकाम! किम जोंग ने फोन से लेकर चिट्ठी तक को किया नजरअंदाज

डिजिटल डेस्क, प्योंगयांग। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन खबर है कि किम उन्हें लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, यह संपर्क ऐसे समय में साधने की कोशिश की जा रही है, जब उत्तर कोरिया अपने परमाणु हथियारों के जखीरे को बढ़ाने में जुटा है। इसी मुद्दे को लेकर ट्रंप किम जोंग उन से बातचीत करना चाहते हैं।
फोन का जवाब नहीं मिलने पर अगला कदम?
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने पिछले साल आधिकारिक फोन लाइनों और अन्य संचार माध्यमों के जरिए किम जोंग उन से बात करने की कोशिश की थी। हालांकि, उत्तर कोरिया की ओर से इन कोशिशों का कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद ट्रंप ने किम को पत्र लिखने का फैसला किया। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने न्यूयॉर्क के मैनहैटन स्थित संयुक्त राष्ट्र में उत्तर कोरिया के कार्यालय के जरिए पत्र भेजने की योजना बनाई थी।
कार्यालय के बाहर अमेरिकी डेलिगेशन
इसके बाद अमेरिकी अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तर कोरिया के कार्यालय पहुंचा और बाहर इंतजार करने लगा। इसी दौरान वहां से उत्तर कोरिया का एक राजनयिक गुजरा। अमेरिकी अधिकारियों ने उसे वह पत्र सौंप दिया। हालांकि, बाद में उस राजनयिक ने संयुक्त राष्ट्र की एक बैठक में बिना खोला हुआ पत्र अमेरिकी प्रतिनिधि के सामने रख दिया।
ट्रंप और किम की बैठकें
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप के पहले राष्ट्रपति कार्यकाल में दोनों नेताओं ने तीन बार मुलाकात की थी। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य उत्तर कोरिया को अपने परमाणु हथियार छोड़ने के लिए सहमत करना था, लेकिन अब किम जोंग उन इस दिशा में किसी भी तरह की रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इसके अलावा, किम अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के साथ संबंधों को दोबारा सुधारने के इच्छुक भी नजर नहीं आ रहे हैं।
हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप एशिया दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने किम जोंग उन के साथ एक और बैठक करने की कोशिश की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, किम ने ट्रंप के सामने कुछ ऐसी शर्तें रख दी थीं, जिन्हें अमेरिका किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं कर सकता था।
Created On :  


