Donald Trump News: ट्रंप ने कोलंबिया के राष्ट्रपति पर प्रतिबंध लगाते हुए साधा निशाना, बताया 'ड्रग डीलर और असफल नेता'!

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आलोचक और कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही प्रशासन की तरफ से जो फैसला लिया गया उससे लैटिन अमेरिका के देशों के रिश्तों में चिंता बढ़ सकती है। अमेरिका की तरफ से ये फैसला ट्रंप के बयान के बाद लिया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि पेट्रो ने कोलंबिया से अमेरिका में होने वाली कोकेन की तस्करी रोकने के लिए कोई भी सख्त एक्शन नहीं लिया है। अमेरिका और कोलंबिया के बीच कई दिनों से लगातार तनाव बढ़ रहा है। ट्रंप ने ये भी दावा किया था कि, जहाज से ड्रग्स ले जाए जा रहे हैं। लेकिन अमेरिकी सरकार के पास इस दावे को लेकर कोई भी ठोस सबूत नहीं थे।
ट्रंप प्रशासन का क्या है कहना?
ट्रंप प्रशासन के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की तरफ से एक बयान में कहा गया था कि, जबसे राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने सत्ता संभाली है, तबसे ही कोलंबिया में कोकेन का उत्पादन बहुत ज्यादा बढ़ गया है। इसके चलते ही अमेरिका में ड्रग्स ज्यादा सर्कुलेट हो रहा है। साथ ही हमारे नागरिक इसके शिकार हो रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि, पेट्रो ने इसको रोकने के लिए कोई भी सख्त फैसला नहीं लिया। वहीं, राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका की सुरक्षा के लिए सख्त कदम लेते हुए ये साफ कर दिया है कि हम ड्रग्स की तस्करी को किसी भी हाल में नहीं सहेंगे।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में साधा पेट्रो पर निशाना
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पेट्रो पर निशाना साधते हुए कहा है कि, पेट्रो असफल नेता ही नहीं बल्कि एक अवैध ड्रग डीलर भी हैं, जिन्होंने अपने देश को अपराधियों के हवाले कर दिया है। इसके अलावा भी ट्रंप ने भर-भरकर कोलंबिया के राष्ट्रपति को सुनाया था।
कोलंबिया ने दिया जवाब
कोलंबिया ने ट्रंप के इस बयान को कोलंबिया पर गंभीर कूटनीतिक आक्रमण बताया है। साथ ही गुस्तावो पेट्रो ने कहा है कि, अमेरिका की कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से ही प्रेरित है। कोलंबिया कभी भी बाहरी दबाव से नहीं झुकेगा।
Created On :   25 Oct 2025 1:48 PM IST












