Putin calls PM Modi: अलास्का में ट्रंप से मीटिंग के बाद पुतिन ने PM मोदी से फोन पर की बातचीत, जानें किन मुद्दों पर हुई चर्चा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अलास्का में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर बात की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को उनकी और ट्रंप के बीच हुई बैठक के बारे में जानाकरी साझा की। बता दें, भारत के रूस से तेल खरीदने को लेकर ट्रंप ने 25 प्रतिशत अतिरिक्त जुर्माना लगाया था। लिहाजा, ट्रंप और पुतिन के बीच हुई ये बैठक भारत के लिए काफी मायने रखती थी।
पुतिन ने पीएम मोदी से फोन पर की चर्चा
फोन पर बातचीत के दौरान पीएम मोदी और रूसी राष्ट्रपति ने द्विपक्षीय सहयोग पर बातचीत की। पुतिन ने पीएम मोदी को अलास्का में रूस-अमेरिका के बैठक के परिणामों के बारे में जानकारी दी।
इस संबंध में पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में उन्होंने पुतिन को फोन कॉल के लिए धन्यवाद किया। पीएम मोदी ने लिखा, "मेरे दोस्त, राष्ट्रपति पुतिन को उनके फोन कॉल और अलास्का में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उनकी हालिया बैठक के बारे में जानकारी साझा करने के लिए धन्यवाद। भारत ने यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का लगातार आह्वान किया है और इस संबंध में सभी प्रयासों का समर्थन करता है। मैं आने वाले दिनों में हमारे निरंतर आदान-प्रदान की आशा करता हूं।"
पुतिन ने ट्रंप को दिया धन्यवाद
बता दें, रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने ट्रंप को ऐसे समय में जरूरी वार्ता के लिए धन्यवाद दिया था, जब शीत युद्ध के बाद मॉस्को और वॉशिंगटन के बीच संबंध बद से बदतर हो गए थे। दरअसल पुतिन ने उम्मीद जताई कि वार्ता को यूरोप में सकारात्मक रूप से देखा जाएगा और इसे कमजोर नहीं किया जाएगा। वहीं, पुतिन ने ट्रंप के इस दावे का समर्थन किया कि अगर वह राष्ट्रपति होते तो संघर्ष शुरू नहीं होता, क्योंकि बाइडेन इसके मूल कारण के बारे में रूसी चिंताओं को नहीं सुन रहे थे। रूसी राष्ट्रपति ने अंग्रेजी में बोलते हुए ट्रंप को मॉस्को आने का न्योता दिया था, जिस पर ट्रंप ने कहा कि यह संभव है।
Created On :   18 Aug 2025 8:35 PM IST