प्राकृतिक आपदा: इंडोनेशिया में भूकंप, रिक्टर स्केल पर झटकों की तीव्रता 7.7, सुनामी का अलर्ट जारी

इंडोनेशिया में भूकंप, रिक्टर स्केल पर झटकों की तीव्रता 7.7, सुनामी का अलर्ट जारी
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इंडोनेशिया के तट पर शनिवार सुबह 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने की जानकारी दी। रिंग ऑफ फायर पर स्थित इंडोनेशिया, सुनामी औप भूकंप के लिए संवेदनशील

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडोनेशिया में 15 अगस्त को धरती कांपी,रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7.7 मापी गई है। भूकंप इंडोनेशिया के फ्लोरेस आइलैंड के तट पर आया कई इलाकों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे घबराकर कई लोग घरों से निकलकर सुरक्षित जगह के लिए सड़कों पर आ गए, हालांकि अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक किसी के हताहत होने की तुरंत कोई खबर सामने नहीं आई है। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी (बीकेएमजी) ने भूकंप से सुनामी की चेतावनी दी है।

स्थानीय समयानुसार शनिवार सुबह 5:58 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसका सेंटर ईस्ट नुसा तेंगारा प्रांत के एंडे शहर से 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में बताया जा रहा है। भूकंप इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में 10 किलोमीटर की गहराई में आया। इस शक्तिशाली भूकंप के कारण आसपास के क्षेत्रों में भी तेज कंपन महसूस किए गए। पीटीआई से मिली जानकारी केअनुसार अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इंडोनेशिया के तट पर शनिवार सुबह 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने की जानकारी दी।

पीटीआई के मुताबिक भारतीय समयानुसार भूकंप करीब सुबह सवा चार बजे महसूस किए गए। भूकंप के बाद स्थानीय राहत-बचाव और मौसम संबंधी एजेंसियों की तरफ से सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है। आपदा राहत और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।

इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने पूर्वी नुसा तेंगारा, पश्चिमी नुसा तेंगारा, दक्षिणी सुलावेसी और दक्षिणपूर्वी सुलावेसी प्रांतों के कुछ हिस्सों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। स्थानीय लोगों से समुद्र तटों और नदी किनारों से दूर रहने का आग्रह किया। समुद्री लहरों की बारीकी से निगरानी की जा रही है।

आपको बता दें इंडोनेशिया 17,000 से अधिक द्वीपों का एक विशाल द्वीपसमूह है, रिंग ऑफ फायर पर स्थित होने की वजह से यहां भूकंप और ज्वालामुखी जैसी आपदाओं का खतरा अधिक होता है। सुनामी को लेकर भी इंडोनेशिया संवेदनशील है।

रिंग ऑफ फायर

प्रशांत बेसिन में ज्वालामुखियों और फॉल्ट लाइनों का एक आर्क है। यहां टेक्टोनिक प्लेटों का टकराव होता रहता है। जिसके चलते यहां अक्सर शक्तिशाली भूकंप आते रहते हैं। 2018 में, इंडोनेशिया के लोम्बोक द्वीप पर एक शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसमें लोम्बोक और पड़ोसी सुंबावा में 550 से ज्यादा लोग मारे गए। ये दोनों ही मशहूर पर्यटन स्थल हैं। उसी साल सुलावेसी आइलैंड पर 7.5 की तीव्रता का भूकंप आया, जिससे पालू में भयानक सुनामी आई। इस आपदा में 4,300 से ज्यादा लोग मारे गए या लापता हुए।

इंडोनेशिया के खतरनाक भूकंपों के इतिहास में 2004 में आया 9.1 तीव्रता का एक विनाशकारी झटका भी शामिल है, जो सुमात्रा के तट पर आया था और जिससे सुनामी आई थी। पूरे इलाके में 220,000 लोग मारे गए थे। इंडोनेशिया में लगभग 170,000 लोग मारे गए थे।

Created On :   15 Aug 2026 12:20 PM IST

Tags

Next Story