India Pakistan Relations: भारत का पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर तंज, सिंधु जल संधि को लेकर शहबाज सरकार को दी ये बड़ी नसीहत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर ने स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले यानी शुक्रवार को सिंधु जल संधि को लेकर पाकिस्तान को बड़ी सलाह दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ सिंधु के पानी की हर एक बूंद को लेकर परेशान हैं। वह इसे रेड लाइन बताते हैं। भारत का संदेश अलग है। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद में बहे भारतीय खून की हर बूंद के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए। पाकिस्तान को जवाब देना होगा। खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते हैं।
यह भी पढ़े -2110 करोड़ रुपए के कथित पोंजी घोटाले में शिवम एसोसिएट्स के प्रमुख शिवानंद नीलन्नावर गिरफ्तार
भारत का पाकिस्तान को दो टूक जवाब
अकबर ने अपने बयान में आगे कहा, 'पाकिस्तान के बारे में पूरी सच्चाई एक बड़े पाकिस्तान नेता और जमीयत के चीफ मौलाना फजलुर रहमान ने उजागर की है। उन्होंने पाकिस्तान की सरकार, प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर (पाकिस्तान के असली प्रमुख) से कहा है कि कुछ बोलने से पहले वे कुल्ला कर लें। उनका इशारा है कि झूठ बोलने से उनकी आवाजें अपवित्र हो गई हैं।'
इसके अलावा विदेश राज्य मंत्री ने कहा, 'पाकिस्तान के बारे में जो सच्चाई उन्होंने खुद उजागर की है, वह यह सच है कि आज बलूचिस्तान का 80 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा इस्लामाबाद के कंट्रोल और शासन के बाहर है। बलूचिस्तान का 80 प्रतिशत स्वतंत्र है। यह आजाद है। यह निश्चित रूप से पाकिस्तान के नियंत्रण से बाहर है।'
यह भी पढ़े -नेताजी सुभाष चंद्र बोस के बारे में अपमानजनक टिप्पणी मामले में सांसद नागेंद्र रे पर एफआईआर दर्ज
पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर कही ये बात
उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान अपने स्वतंत्रता दिवस पर बिखर रहा है। यह वैसा ही बन गया है, जैसा मैंने अपनी किताब में जेली स्टेट के तौर पर बताया था। जो न तो स्थिर रहेगा। न ही पूरी तरह खत्म होगा। पाकिस्तान की सच्चाई वे लोग जानते हैं, जिन्होंने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर, खैबर पख्तूनख्वा और सिंध में पाकिस्तान की सेना की बर्बरता का सामना किया है। यह सच्चाई पाकिस्तानी जनता भी जानती है। पाकिस्तान बर्बादी की कगार पर है।'
Created On :   14 Aug 2026 7:45 PM IST











