कौन लेगा लेविट की जगह?: US प्रेसिडेंट ट्रंप किसे सौंपेंगे व्हाइट हाउस प्रेस सचिव की जिम्मेदारी? दावेदारों की दौड़ में कई नाम

US प्रेसिडेंट ट्रंप किसे सौंपेंगे व्हाइट हाउस प्रेस सचिव की जिम्मेदारी? दावेदारों की दौड़ में कई नाम
ट्रंप ने भी लेविट के काम की तारीफ करते हुए उन्हें व्हाइट हाउस के इतिहास की बेहतरीन प्रेस सचिवों में से एक बताया ,लेविट ने बेहद कम समय में ट्रंप प्रशासन में मजबूत राजनीतिक पहचान बनाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट के पद छोड़ने के ऐलान के बाद अब उनकी जगह कौन लेगा? ट्रंप प्रशासन की ओर से मीडिया के सामने कौन आवाज बनेगा। ट्रंप प्रशासन में जल्द ही किसी नए बड़े चेहरे को मौका मिल सकता है। लेविट की जगह लेने के लिए कई नामों की चर्चा तेजी से होने लगी है। लेकिन लेविट के उत्तराधिकारी का चुनाव ट्रंप प्रशासन के लिए सामान्य नियुक्ति से कहीं ज्यादा अहम माना जा रहा है। हालांकि अभी तक ट्रंप ने किसी नाम पर अंतिम डिसीजन नहीं लिया है। हालांकि लेविट ने प्रशासन से पूरी तरह अलग न होने और बाहरी संचार सलाहकार के रूप में ट्रंप के साथ काम करते रहने की बात कही। आपको बता दें लेविट ऐसे समय पद छोड़ रही हैं, जब ट्रंप प्रशासन के सामने कई चुनौतियां हैं। ईरान के साथ लंबे समय से चल रहे युद्ध को लेकर ट्रंप पर दबाव है ,नवंबर में मध्यावधि चुनाव भी हैं।

रेस में शामिल नाम

कैटी मिलर संभावित दावेदारों में शामिल हैं। मिलर पहले एलन मस्क के सरकारी दक्षता डिपार्टमेंट में काम कर चुकी हैं। कैटी मिलर अपना पॉडकास्ट भी चलाती हैं। अमेरिका की मुख्य प्रोटोकॉल अधिकारी मोनिका क्राउली भी दावेदार हैं, उनके पास पत्रकारिता और प्रशासन दोनों का अनुभव है।

न्यू जर्सी की पूर्व कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी रह चुकी अलीना हब्बा उन नामों में शामिल हैं, जिन पर सबसे ज्यादा नजर है। वह व्हाइट हाउस में ट्रंप की सलाहकार के रूप में भी काम कर चुकी हैं। ट्रंप के कानूनी मामलों के दौरान उनकी वकील के रूप में काफी चर्चा में आई थीं। टीवी पर वह कई बार ट्रंप का बचाव करती भी नजर आई। अगर उन्हें चुना जाता है तो वह ट्रंप के पहले कार्यकाल में प्रेस सचिव रहीं केली मैकएनैनी की तरह वकील से प्रेस सचिव बनने वाली दूसरी प्रमुख शख्सियत होंगी।

टेलर बुडोविच ट्रंप के उप चीफ ऑफ स्टाफ और संचार तथा कार्मिक मामलों के प्रभारी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान व्हाइट हाउस के प्रेस पूल में भी बदलाव किए गए थे, जिससे छोटे मीडिया संस्थानों और नए डिजिटल माध्यमों को ज्यादा पहुंच मिली।

एरिजोना की पूर्व राजनीतिक उम्मीदवार कारी लेक का नाम भी चर्चा में है। वे पहले वॉयस ऑफ अमेरिका से जुड़े प्रयासों की निगरानी कर चुकी हैं । ब्राइटबार्ट के वॉशिंगटन ब्यूरो प्रमुख मैथ्यू बॉयल का नाम भी लेविट उत्तराधिकारियों की सूची में हैं।

ट्रंप समर्थक टिप्पणीकार स्कॉट जेनिंग्स की दावेदारी भी मजबूत है। वे सीएनएन पर नियमित रूप से ट्रंप और उनकी नीतियों का बचाव करते हैं। जेनिंग्स के पास व्हाइट हाउस का अनुभव भी है। जेनिंग्स ने जॉर्ज डब्ल्यू बुश प्रशासन में राष्ट्रपति के विशेष सहायक और राजनीतिक मामलों के उप निदेशक के तौर पर काम किया था। सीनेट में रिपब्लिकन नेता मिच मैककॉनेल के सलाहकार भी रह चुके है।

व्हाइट हाउस के संचार निदेशक स्टीवन च्यूंग का नाम भी चर्चा में है। वह पहले से मीडिया से बातचीत करते हैं और प्रशासन की खबरों तथा संदेशों को आकार देने में अहम भूमिका निभाई हैं। उनके पास प्रशासन की अंदरूनी कार्यप्रणाली और ट्रंप की संचार रणनीति की अच्छी समझ है।

वर्तमान में प्रिंसिपल डिप्टी प्रेस सचिव अन्ना केली का नाम भी चर्चा में हैं, वो इससे पहले रिपब्लिकन नेशनल कमेटी की राष्ट्रीय प्रेस सचिव रह चुकी हैं। रोमा दरावी, लारा ट्रंप और नताली हार्प के नाम भी प्रेस सचिव की रेस में शामिल हैं।

आपकी जानकारी के लिए बता दें लेविट पद छोड़कर अपने दो छोटे बच्चों के साथ समय बिताना चाहती हैं। उन्होंने बेहद कम समय में ट्रंप प्रशासन में मजबूत राजनीतिक पहचान बनाई। 27 साल की उम्र में लेविट ने प्रेस सचिव का पद संभाला था और वह इस पद पर पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की व्यक्ति बनी थीं। ट्रंप ने भी लेविट के काम की तारीफ करते हुए उन्हें व्हाइट हाउस के इतिहास की बेहतरीन प्रेस सचिवों में से एक बताया है।

Created On :   14 Aug 2026 6:45 PM IST

Tags

Next Story