India America Trade Deal: भारत-अमेरिका टैरिफ विवाद के बीच व्यापार समझौते पर मिली अच्छी खबर, विदेश मंत्रालय ने दी ये जानकारी

- भारत अमेरिका के बीच रिश्तों में तनाव
- भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर हुई वार्ता
- सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच हुआ समझौता
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर जब से टैरिफ लगाया है, इसके बाद से ही दोनों देशों के बीच मनमुटाव शुरू हो गया है। हालांकि, इसके बीच में अमेरिका से अच्छी खबर भी आनी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर चर्चा आगे बढ़ रही है। इसके अलावा, सऊदी अरब और पाकिस्तान के मध्य हुए समझौते पर भारत ने प्रतिक्रिया दी है।
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई मीटिंग
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि 16 सितंबर, 2025 को अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक हुई, जो सहायक अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच के नेतृत्व में हुई थी। यह बैठक वाणिज्य मंत्रालय में आयोजित की गई थी। इस दौरान दोनों देशों के बीच सकारात्मक और दूरदर्शी पर चर्चा हुई। साथ ही व्यापार समझौते के कई पहलुओं को लेकर गहन बातचीत हुई। उन्होंने आगे बताया कि बहुत जल्द दोनों पक्ष एक अच्छे परिणाम तक पहुंचने का प्रयास करेंगे।
सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच हुए समझौते के सवाल पर रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और सऊदी अरब के मध्य व्यापक रणनीतिक साझेदारी बहुत पहले से है, जो हाल के वर्षों में बहुत गहरी हुई है। प्रवक्ता ने कहा कि हमें उम्मीद है कि इस साझेदारी से दोनों देशों के हितों और संवेदनशीलताओं का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
सात घंटे तक चली बैठक
उनके पहले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने 17 सितंबर, 2025 को कहा था कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता में प्रगति देखने को मिली है, जो एक सही ट्रेक पर आगे चल रही है। उन्होंने आगे कहा कि दक्षिण और मध्य एशिया के लिए सहायक अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच भारत के साथ बातचीत करने के लिए 16 सितंबर को दिनभर दिल्ली में थे। यह बैठक सात घंटे तक चली। इसके समाप्त होने के बाद मंत्रालय ने एक बयान जारी किया था और कहा, "पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंजाम तक पहुंचाने के प्रयासों को तेज करने का निर्णय लिया गया है।"
Created On :   19 Sept 2025 6:08 PM IST