भारत और पाकिस्तान युद्ध: ट्रंप ने भारत-पाक युद्ध रुकवाने का एक बार फिर किया दावा, हमने दोनों देशों को व्यापार को लेकर दी धमकी

ट्रंप ने भारत-पाक युद्ध रुकवाने का एक बार फिर किया दावा, हमने दोनों देशों को व्यापार को लेकर दी धमकी
भारत और पाकिस्तान के बीच एक छोटी सी जंग चल रही थी। जिसे अगर समय पर न रोका जाता तो वह जंग परमाणु युद्ध में बदल सकती थी। इसी बीच हमने टैरिफ को हथियार बनाकर दो परमाणु शक्तियों के बीच युद्ध होने से रोका था।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाक के बीच युद्ध रुकवाने का दावा किया है। उन्होंने कहा मैंने मई में भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे युद्ध को रुकवाया था नहीं तो परमाणु युद्ध हो सकता था। हमने टैरिफ को हथियार बनाकर बड़ा युद्ध होने से रोक दिया। ट्रंप ने एक इंटरव्यू के दौरान यह बात कही है। जिसमें उन्होंने बताया था कि पाकिस्तान अंडरग्राउंड परमाणु परीक्षण कर रहा है।

सीबीएस न्यूज के साथ इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मई में भारत और पाकिस्तान के बीच एक छोटी सी जंग चल रही थी। जिसे अगर समय पर न रोका जाता तो वह जंग परमाणु युद्ध में बदल सकती थी। इसी बीच हमने टैरिफ को हथियार बनाकर दो परमाणु शक्तियों के बीच युद्ध होने से रोका था। ट्रेड को लेकर हमने दोनों देशों को धमकाया। जब ट्रंप से यह पूछा गया कि वह रुस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को कैसे रोकेंगे? इस पर ट्रंप ने कहा कि वह अब तक 8 युद्ध रुकवा चुके हैं। आगे भी युद्ध रोकने का प्रयास करते रहेंगे।

ट्रंप ने भारत और पाक को व्यापार की धमकी दी

ट्रंप ने कहा कि हमने अपने दूसरे कार्यकाल में कई युद्ध रुकवाए हैं। उसमें से 60 प्रतिशत युद्ध हमने टैरिफ धमकी देकर रुकवाए हैं। उन्होंने आगे कहा अगर टैरिफ और ट्रेड की धमकी नहीं दी होती तो वह युद्ध रुकवा नहीं पाते। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत और पाक के बीच युद्ध न रुकवाते तो वे परमाणु युद्ध की तरफ बढ़ रहे थे। उसी बीच हमने दोनों देशों को व्यापार को लेकर धमकी दी थी। मैंने कहा अगर यह युद्ध नहीं रुका तो अमेरिका के साथ व्यापार नहीं कर पाएंगे।

कौन-से देश परमाणु परीक्षण कर रहें

अमेरिकी राष्ट्रपति से इंटरव्यू में रूस के पोसाइडन अंडरवॉटर ड्रोन समेत परमाणु हथियारों के परीक्षण को लेकर सवाल किए गए थे। उन्होंने कहा कि रूस, चीन, पाकिस्तान और नॉर्थ कोरिया जैसे देश परमाणु परीक्षण कर रहे हैं। कुछ देशों के अंडरग्राउंड टेस्टिंग कर रहे हैं। जिसके कारण भूकंप के झटके आते हैं। रूस और चीन ऐसे देश हैं जो परमाणु परीक्षण करते है। लेकिन जब उनसे पूछा जाता है तो वे इसके बारे में बात नहीं करते हैं। ट्रंप ने कहा कि जब ये सब देश न्यूक्लियर टेस्ट कर रहे हैं तो मैं ऐसा अकेला देश नहीं बनना चाहता जो परीक्षण न करे।

पहलगाम के जवाबी कार्रवाही में भारत ने क्या किया?

आपको बता दें, पहलगाम आतंकी हमले के बाद 7 से 10 मई के बीच भारत और पाक में जंग की शुरुआत हुई थी। भारत ने पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था। जिसमें पाकिस्तान में मौजूदा 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। जिसके बाद पाकिस्तान ने भारत पर हमला करने की नाकाम कोशिश की थी। जिसमें वह भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा था। लेकिन भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने उसकी सभी कोशिशों को नाकाम कर दिया था।

भारत ने सीजफायर पर क्या कहा?

वहीं, 10 मई को दोनों देश सीजफायर के लिए तैयार हो गए थे। अमेंरिकी राष्ट्रपति बार-बार सीजफायर के लिए खुद को क्रेडिट देते हैं। वह कई बार कह चुके हैं कि उनके कहने पर ही दोनों देश सीजफायर के लिए तैयार हुए। लेकिन भारत उनकी इस बात से सहमत नहीं है। भारत ने कभी भी इस पर स्वीकृति नहीं जताई है।

Created On :   4 Nov 2025 1:50 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story