US-Iran War: होर्मुज में अमेरिकी नाकाबंदी से गुस्साया ईरान, तीन समुद्री रास्तों को बंद करने की दी धमकी

होर्मुज में अमेरिकी नाकाबंदी से गुस्साया ईरान, तीन समुद्री रास्तों को बंद करने की दी धमकी
  • अमेरिका नौसेना ने होर्मुज स्ट्रेट में लागू की नाकाबंदी
  • ईरान से आ रहे जहाजों को लौटाया जा रहा वापस
  • ईरानी सेना ने दी तीन अहम समुद्री मार्गों को बंद करने की धमकी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट और ईरानी बंदरगाहों पर नाकाबंदी लागू कर दी है। वहां पर अमेरिकी नेवी तैनात है जो जहाजों की जांच करके ही उन्हें आगे जाने या न जाने की परमिशन दे रही है। उसने ये फैसला हाल ही में पाकिस्तान में हुई अमेरिका-ईरान वार्ता के असफल होने के कुछ घंटों बाद लिया। यूएस के इस कदम से ईरान बौखला गया है, उसने ने भी नाकाबंदी का जवाब नाकाबंदी से ही देने का फैसला किया है। ईरान ने धमकी दी है कि यदि अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी बंद नहीं हुई तो वह दुनिया के तीन अहम समुद्री मार्गों को बंद कर देगा।

रोक देंगे तीन समुद्री मार्ग

ईरान की ओर से कहा गया कि यदि अमेरिका ने होर्मुज और उसके बंदरगाहों पर नाकाबंदी जारी रखी तो, वह लाल सागर, ओमान सागर और फारस की खाड़ी में समुद्री व्यापार को पूरी तरह से रोक देगा। ईरानी सेना ने कहा है कि अमेरिका की पाबंदियां उकसावे की कार्रवाई हैं। ईरान अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए निर्णायक कार्रवाई करेगा।

इससे पहले मंगलवार और बुधवार को चीनी टैंकर रिच स्टैरी होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी नाकाबंदी को भेद नहीं पाया। यह टैंकर संयुक्त अरब अमीरात के हमरियाह बंदरगाह से करीब 2.5 लाख बैरल मेथेनॉल लाद कर निकला था। अमेरिकी नौसेना की चेतावनी के बाद वह वापस लौट गया।

दोनों बार नहीं तोड़ पाया नाकाबंदी

यह टैंकर खाड़ी से निकलने का दो बार प्रयास कर चुका है, लेकिन दोनों ही बार नाकाम रहा है। मंगलवार के बाद रिच स्टैरी ने बुधवार को भी खाड़ी पार करने की कोशिश की। जैसे ही वो होर्मुज स्ट्रेट के आगे पहुंचा, वहां मौजूद अमेरिकी वॉरशिप ने उसे रोक लिया। चेतावनी मिलने के बाद चीनी टैंकर दोबारा वापस लौट गया। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि मंगलवार को अमेरिकी युद्धपोत ने दो तेल टैंकरों को रोक दिया, जो ओमान की खाड़ी में मौजूद ईरान के चाबहार बंदरगाह से बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था। बता दें कि चीनी ऑयल टैंकर को रोकने की वजह उसकी मालिक कंपनी शंघाई जुआनरन कॉपरेशन है। कंपनी पर अमेरिका ने ईरान के साथ व्यापार करने को लेकर साल 2023 से ही प्रतिबंध लगा रखा है।

Created On :   15 April 2026 11:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story