Iran-US Ceasefire: इस्लामाबाद में शांति वार्ता विफल होने के बाद ट्रंप का परमाणु पर बड़ा बयान, कहा- ईरान को नहीं रखने देंगे हथियार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच हुई शांति बातचीत सफल नहीं हो पाई। इसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान सामने आया है। उन्होंने साफ कहा कि ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने दिए जाएंगे। ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर ईरान दोबारा बातचीत करना चाहता है तो ठीक, नहीं तो उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने ईरान की हालत को कमजोर बताया और कहा कि अब उसके पास ज्यादा ताकत नहीं बची है। इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे पर फिर चर्चा तेज हो गई है।
यह भी पढ़े -ईरान-अमेरिका तनाव होर्मुज स्ट्रेट पर आईआरजीसी की कड़ी चेतावनी, कहा- 'दुश्मन की गलत हरकत के होंगे घातक परिणाम'
परमाणु हथियार पर सख्त रुख
ट्रंप ने कहा कि ईरान को किसी भी हालत में परमाणु हथियार नहीं मिलना चाहिए। उनका मानना है कि यह दुनिया के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि बातचीत में भी यह साफ हुआ कि ईरान अभी भी ऐसे हथियार चाहता है। इसलिए अमेरिका इस मामले में कोई ढील नहीं देगा।
यह भी पढ़े -अमेरिका-ईरान युद्ध विराम में समझौता करने वाले पाकिस्तान की संजय राऊत ने की तारीफ, नवनाथ बोले - इस्लामाबाद में बस जाओ
बातचीत पर ट्रंप का नजरिया
ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बात की चिंता नहीं है कि ईरान बातचीत के लिए वापस आएगा या नहीं। अगर ईरान फिर से बात करना चाहता है तो दरवाजे खुले हैं लेकिन अगर नहीं आता तो भी अमेरिका तैयार है। उन्होंने दिखाया कि अमेरिका अपने फैसलों पर मजबूत है।
ईरान की कमजोर हालत का दावा
ट्रंप ने कहा कि ईरान की स्थिति अभी बहुत खराब है। उन्होंने दावा किया कि उसकी सेना खासकर नौसेना और वायुसेना कमजोर हो गई है। कई जहाज भी नष्ट हो चुके हैं। ट्रंप के अनुसार, अब ईरान के पास ज्यादा ऑप्शन नहीं बचे हैं और उसे सोच-समझकर कदम उठाना होगा।
Created On :   13 April 2026 9:01 AM IST












