Middle East Tension: क्या अब होर्मुज स्ट्रेट से गुजरना होगा महंगा, ईरान के नए फैसले से क्यों बढ़ी दुनिया की चिंता?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया के सबसे जरूरी समुद्री रास्तों में गिने जाने वाले होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान ने बड़ा फैसला लेने की तैयारी की है। अब इस रास्ते से गुजरने वाले बड़े जहाजों से सर्विस फीस ली जा सकती है। ईरान का कहना है कि यह पैसा जहाजों की सुरक्षा, रास्ते की निगरानी और समुद्र की देखभाल जैसी सेवाओं पर खर्च होगा। ईरान ने यह भी कहा है कि जो देश मुश्किल समय में उसके साथ खड़े रहे, उन्हें नई व्यवस्था में खास छूट दी जाएगी। इस फैसले का असर दुनिया के तेल कारोबार और कई देशों के व्यापार पर पड़ सकता है।
यह भी पढ़े -अमेरिकी स्वतंत्रता दिवस पर पुतिन ने ट्रंप से की बात, यूक्रेन और द्विपक्षीय संबंधों पर हुई चर्चा
जहाजों से क्यों ली जाएगी फीस?
ईरान का कहना है कि होर्मुज स्ट्रेट का कुछ हिस्सा उसके समुद्री इलाके में आता है। यही वजह है कि वहां से गुजरने वाले जहाजों को दी जाने वाली सुविधाओं के बदले सर्विस फीस लेना सही है। इस पैसे का इस्तेमाल जहाजों की सुरक्षित आवाजाही, निगरानी और समुद्री इलाके की देखभाल के लिए किया जाएगा।
कुछ देशों को मिलेगी खास राहत
ईरान ने साफ कहा है कि हाल के तनाव के समय जिन देशों ने उसका साथ दिया, उन्हें नई व्यवस्था में फायदा मिलेगा। ऐसे देशों से कम शुल्क लिया जा सकता है या उन्हें दूसरी तरह की सुविधा दी जा सकती है। हालांकि अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।
दुनिया के कारोबार पर पड़ सकता है असर
होर्मुज स्ट्रेट से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और एलएनजी दूसरे देशों तक पहुंचती है। इसलिए यहां लागू होने वाला कोई भी नया नियम कई देशों के व्यापार और ऊर्जा बाजार को प्रभावित कर सकता है। फिलहाल ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत जारी है और सभी की नजर आगे होने वाले फैसलों पर बनी हुई है।
Created On :   5 July 2026 12:32 PM IST












