India-Pakistan Indus Waters Treaty: सिंधु जल को लेकर पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ एक बार फिर जहर उगला, संधि के तहत पानी पर हमारा हक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान ने एक बार फिर सिंधु जल संधि को लेकर जंग की धमकी दी है। यह धमकी पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दी है। उन्होंने राजधानी इस्लामाबाद में एक मीडिया कॉन्फ्रेस का आयोजन किया इस दौरान उन्होंने कहा पाकिस्तान के लोगों का 'कानूनी' रूप से संधि के तहत सिंधु नदी के जल पर अधिकार है और यह संधि अभी भी लागू है। पहलगाम घटना के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को रद्द कर दिया था। इसी वजह से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और लगातार भारत को धमकियां दे रहा है।
उन्होंने कहा दुनिया ने माना कि सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान का भी पानी पर अधिकार है। उन्होंने दावा किया, "कानूनी तौर पर, पाकिस्तान के रुख को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन मिला है, क्योंकि सिंधु जल संधि को एकतरफा तौर पर रद्द, खत्म या उसमें बदलाव नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि सिंधु जल संधि ने स्पष्ट रूप से एक ढांचा तैयार किया था, जो मौजूद है और लागू है। तरार ने भारत को धमकी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने कई बार कहा है कि "पानी हमारी जीवन रेखा है, और साथ ही हमारी रेड लाइन भी है।"
पाकिस्तान के इस बड़बोले मंत्री ने कहा, "हमारे लोगों का पानी पर अधिकार एक ऐसी कानूनी रूप से लागू संधि के माध्यम से है जिसे दोनों देशों ने स्वीकार किया था, जो आज भी लागू है।" उन्होंने कहा कि मंगलवार को इस्लामाबाद में एक सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें संधि के तहत पाकिस्तान के अधिकारों के बारे में जागरूकता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा, "दुनिया भर से जल और कानूनी विशेषज्ञ सेमिनार में भाग लेंगे।" उन्होंने दोहराया कि विशेषज्ञों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान के अधिकारों को स्वीकार किया है। उन्होंने दावा किया, "यह नैरेटिव के मामले में पाकिस्तान की जीत है कि पूरी दुनिया सिंधु जल संधि पर उसके नैरेटिव और रुख को मान रही है।"
बता दें, 19 सितंबर 1960 को भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु नदी के पानी के बंटवारे को लेकर द्विपक्षीय समझौता हुआ था। पिछले साल (2025) अप्रैल महीने में पहलागाम आतंकी हमला हुआ था। इस घटना के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को रद्द कर दिया था। भारत सरकार ने कहा खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।
Created On :   29 Jun 2026 9:40 PM IST












