यूक्रेन के ड्रोन हमले का रूस ने लिया जबरदस्त बदला, ताबड़तोड़ दागी 8 मिसाइलें, 8 की मौत

यूक्रेन के ड्रोन हमले का रूस ने लिया जबरदस्त बदला, ताबड़तोड़ दागी 8 मिसाइलें, 8 की मौत
  • आक्रमक रूस ने किए जोरदार हमले
  • आवासीय इमारत को बनाया निशाना
  • जेलेंस्की ने की निंदा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। रूस और यूक्रेन के बीच पिछले डेढ़ साल से जंग जारी है। दोनों देश एक दूसरे पर ताबड़तोड़ हमले कर रहे हैं। हाल ही में यूक्रेन ने रूस की राजधानी मास्को के आसपास के इलाके पर हमले किए थे। इन हमलों से गुस्साए रूस ने यूक्रेन पर जोरदार पलटवार किया है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक रूस ने यूक्रेन के पूर्वी हिस्से में स्थित पोक्रोव्स्क शहर पर मिसाइलों की बौछार की है। इस घातक हमले में यूक्रेन के 8 लोगों की मौत हो गई है जबकि 31 लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने पोक्रोव्स्क शहर की एक पांच मंजिला आवासीय बिल्डिंग को निशाना बनाया है। यूक्रेन के अधिकारियों ने सोमवार को हमले के बाद की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किए हैं। इनमें लोगों को बिल्डिंग के मलबे के बीच फंसे हुए देखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि हमले में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। इनमें कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। ऐसी स्थिति में मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

अल जजीरा ने डोनेट्स्क के गवर्नर पावलो किरिलेंको के हवाले से बताया कि, 7 अगस्त को हुए रूसी हमले में 8 लोगों की मौत हुई है। इनमें 5 नागरिक, दो रेस्क्यू टीम के सदस्य और एक सेना का जवान है। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है।

जेलेंस्की ने किया वीडियो शेयर

यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने इस हमले की निंदा की है। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, 'मॉस्को ने एक आवासीय इमारत पर हमला किया है, जो उनकी आतंकवादी मानसिकता को दर्शाता है।' जेलेंस्की ने बताया कि बिल्डिंग का मलबा अभी भी साफ किया जा रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

बता दें कि 5 अगस्त के तड़के यूक्रेन ने रूस के कब्जे वाले क्रीमिया को रूसी मुख्य भूमि से जोड़ने वाले पुल के पास ड्रोन अटैक किया था। इसके साथ ही एक बंदरगाह पर भी कई ड्रोनों से हमला किया गया था। वहीं इन हमलों के एक दिन पहले यानी 4 अगस्त की देर रात को भी यूक्रेनी नौसैनिक ने नोवोरोस्सिएस्क स्थित नौसैनिक अड्डे पर ड्रोन हमले किए थे। इन हमलों में एक रूसी युद्धपोत गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था। अपने ऊपर हुए इन्हीं हमलों से बौखलाए रूस ने यूक्रेन के पोक्रोव्स्क शहर पर हमला किया है।

Created On :   8 Aug 2023 10:21 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story