Trump Tariff Dispute: 'मनमानी नहीं चलेगी', ट्रंप टैरिफ के विरोध में उतरे चीन और जापान समेत कई देश, भारत का क्या है रुख?

डिजिटल डेस्क, दिल्ली। अमेरिका की डोनाल्ड ट्रंप सरकार की नई टैरिफ नीति ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार में एक बार फिर तनाव बढ़ा दिया है। इसके विरोध में चीन और जापान समेत अन्य कई देश उतर आए हैं। इसके साथ ही अमेरिका के उस आरोप का भी जवाब दिया है जिसमें उसने कहा था कि ये देश जरूरत से ज्यादा सामान का निर्माण कर रहे हैं। चीन ने टैरिफ बढ़ोतरी को गलत बताते हुए अमेरिका पर मनमानी चलाने का आरोप लगाया है।
वहीं, जापान और सिंगापुर ने भी अमेरिका के खिलाफ विरोध की आवाज को तेज किया है। ट्रंप प्रशासन का नया टैरिफ जनवरी 2027 से लागू हो सकता है। इसका मकसद दुनिया की कई अर्थव्यवस्थाओं पर नए तरीके से टैरिफ लागू करना है।
इसी साल फरवरी में अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के पिछले साल लगाए गए व्यापक टैरिफ को रद्द करने का फैसला सुनाया था। उसके बाद ही अब ये नया टैरिफ लाया गया है। भारत और चीन समेत दुनिया के 14 देशों पर ये नए आयात शुल्क 'सेक्शन 301' के अंतर्गत कई महीनों चली जांच के बाद लगाए गए हैं।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर के मुताबिक, हमारी जांच में पाया गया है कि भारत, चीन और यूरोपियन यूनियन देश आवश्यकता से ज्यादा सामानों का निर्माण कर रहे हैं और उसे कम दाम पर दुनिया में बेच रहे हैं। इस वजह से अमेरिकी कंपनियों को नुकसान हो रहा है और उनके लिए मुकाबला करना काफी मुश्किल हो रहा है।
यह भी पढ़े -फिर 'टैरिफ बम' फोड़ने की तैयारी में ट्रंप! भारत और चीन समेत इन 16 देशों पर मंडरा रहा खतरा
क्या बोले चीन और जापान?
अमेरिका के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदार चीन ने नए टैरिफ को गलत बताया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि चीन इसका विरोध करता है, क्योंकि इसका इस्तेमाल राजनीतिक चाल चलने के बहाने किया गया है। वहीं, जापान का कहना है कि हमारे न ही गैर-बाजार नीतियां हैं और न ही जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता। यह अफसोस की बात है कि अमेरिका ने जापान को निशाना बनाते हुए टैरिफ प्लान की घोषणा की है।
भारत का क्या है रुख?
भारत ने भी अमेरिका के आवश्यकता से ज्यादा सामान निर्माण की बात को खारिज किया है। उसका कहना है कि उसकी आर्थिक नीतियां वैश्विक बाजार को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं बनाई गई हैं। अमेरिकी जांच के दौरान भी भारत के वाणिज्य विभाग ने अपना यही पक्ष रखा था।
Created On :  

