Bangladesh Protest News: बांग्लादेश में 24 दिन से बवाल, सड़कों पर उतरे गारमेंट मजदूर, 317 फैक्ट्रियों को 40 करोड़ डॉलर से ज्यादा का नुकसान

डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश में अवामी लीग के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हुए हैं। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब खबर मिली है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की अपने वतन वापसी हो रही है। इसी बीच तारिक रहमान के सामने चुनौती बनी हुई है कि बांग्लादेश में गारमेंट उद्योग के मजदूर पिछले 24 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। इससे पूरे देश में तनाव का माहौल बना हुआ है। इतना ही नहीं, उन पर लाठीचार्ज, आंसू गैस का इस्तेमाल और गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इसके बावजूद सरकार मजदूरों का आंदोलन रोकने में नाकाम है।
मजदूरों की प्रमुख मांग?
बांग्लादेश के मजदूर न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। यह प्रदर्शन कई औद्योगिक जिलों तक भी पहुंच गया है। इस दौरान मजदूरों और पुलिस के बीच कई जगहों पर झड़पें भी देखने को मिली हैं। मजदूरों की मांग है कि उनका मौजूदा 12,500 टका मासिक न्यूनतम वेतन बढ़ाकर 30,000 टका किया जाए। उनका कहना है कि महंगाई, भोजन, मकान का किराया और अन्य जरूरी खर्चों के कारण मौजूदा वेतन में परिवार चलाना काफी मुश्किल हो रहा है।
राजमार्गों पर लगाया जाम
अपनी मांगों को लेकर राजधानी ढाका, गाजीपुर, आशुलिया और सावर में हजारों मजदूर सड़कों पर उतर आए हैं और उन्होंने राजमार्गों पर जाम लगा दिया है। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए आंसू गैस, स्टन ग्रेनेड और लाठियों का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, कुछ स्थानों पर पत्थरबाजी, वाहनों में आगजनी और पुलिस के साथ झड़पें भी हुई हैं।
यह भी पढ़े -बांग्लादेश में हिंसा की आग! ढाका समेत 28 जिलों में बम धमाके, मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर में भी आगजनी, सड़कों पर उतरी पुलिस
40 करोड़ डॉलर से ज्यादा का नुकसान
मजदूरों के सड़कों पर उतरने से सैकड़ों कपड़ा फैक्ट्रियों का काम प्रभावित हुआ है। कपड़ा उद्योग के निर्माता मजदूरों की 30,000 टका की मांग के मुकाबले करीब 15 फीसदी वेतन वृद्धि का प्रस्ताव रखने की तैयारी में थे। इस आंदोलन की वजह से 317 फैक्ट्रियों को लगभग 42.8 करोड़ डॉलर का नुकसान पहुंचने का अनुमान है। फिलहाल यह आंदोलन 24वें दिन भी जारी है।
Created On :  


