Bangladesh Politics: बांग्लादेश कब लौटेंगी शेख हसीना? तारीख का ऐलान! भारत से मांगा ढाका जाने के लिए विमान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने देश लौटने की तैयारी शुरू कर दी है। वह 16 दिसंबर को भारत से बांग्लादेश जाने की योजना बना रही हैं। उनके प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। अगस्त 2024 में देश छोड़ने के बाद यह पहली बार है, जब उन्होंने वापसी के लिए कोई तारीख बताई है। शेख हसीना ने भारत सरकार से दिल्ली से ढाका जाने के लिए विमान की व्यवस्था करने की मांग की है। हालांकि, उनकी वापसी आसान नहीं होगी। बांग्लादेश सरकार का कहना है कि देश पहुंचते ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन पर मौत की सजा का खतरा भी है।
16 दिसंबर को ही क्यों चुना?
शेख हसीना ने बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर का दिन चुना है। इस दिन वहां विजय दिवस मनाया जाता है। 1971 में इसी दिन पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश का मुक्ति संग्राम खत्म हुआ था। इस दिन का देश के इतिहास में खास महत्व है। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के मुताबिक, हसीना चाहती हैं कि भारत सरकार उनके लिए दिल्ली से ढाका जाने का इंतजाम करे। उनका कहना है कि जब उन्हें 5 अगस्त 2024 को विमान से भारत लाया गया था, तो अब उनकी वापसी की व्यवस्था करना भी सरकार की जिम्मेदारी है।
बांग्लादेश में बढ़ सकता है तनाव
शेख हसीना की वापसी की खबर से बांग्लादेश में राजनीतिक माहौल और गर्म हो सकता है। उनकी पार्टी पर वहां प्रतिबंध लगा हुआ है। इसके अलावा, इस महीने उन्होंने नए पासपोर्ट और दूसरे जरूरी दस्तावेजों की मांग की थी। इसके बाद से देश में हिंसा बढ़ने की खबरें सामने आई हैं। ऐसे में उनकी वापसी का ऐलान वहां की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर सकता है।
यह भी पढ़े -परमाणु हथियारों पर लगेगा बैन? एक मंच पर तीन महाशक्तियां, जिनपिंग से पुतिन तक किसने क्या कहा?
वापस आते ही होंगी गिरफ्तार?
मालूम हो कि, बांग्लादेश सरकार ने साफ कर दिया है कि शेख हसीना के लौटने पर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि देश में कदम रखते ही उन्हें हिरासत में लेकर जेल भेज दिया जाएगा। वहीं, एक मंत्री ने रॉयटर्स को बताया कि हसीना को मौत की सजा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें वापस लाने के लिए भारत से कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।
Created On :  

