Russia-Ukraine War: नुकसान छिपा रहा रूस? जंग में 7 लाख सैनिकों की मौत! हर साल 4 लाख नए जवानों की भर्ती

नुकसान छिपा रहा रूस? जंग में 7 लाख सैनिकों की मौत! हर साल 4 लाख नए जवानों की भर्ती
रूस-यूक्रेन जंग में 7 लाख से ज्यादा रूसी सैनिकों की मौत का दावा किया गया है। नुकसान पूरा करने के लिए रूस लगातार नई भर्तियां कर रहा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग में रूस को भारी नुकसान हुआ है। एक नई जांच में दावा किया गया है कि अब तक रूस के 7 लाख से ज्यादा सैनिक मारे जा चुके हैं। यह संख्या रूस के सरकारी आंकड़ों से करीब 2 लाख ज्यादा है। यह जानकारी रूस से बाहर काम करने वाले दो मीडिया संस्थानों मेडुजा और मीडियाजोना की जांच में सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, रूस इस नुकसान के बाद भी युद्ध जारी रखे हुए है। इसके लिए वह हर साल लाखों नए सैनिकों को सेना में शामिल कर रहा है। नए लोगों को सेना में लाने के लिए सरकार मोटी रकम देने का लालच भी दे रही है।

यह भी पढ़े -ईरान-अमेरिका तनाव के बीच बहरीन में अमेरिकी रडार पर हमला, होर्मुज में तेल टैंकर में लगी आग, 2 अमेरिकी ड्रोन गिराने का दावा

सरकारी आंकड़ों से ज्यादा हुई सैनिकों की मौत

रूस के सरकारी रिकॉर्ड में सितंबर तक करीब 4 लाख 90 हजार सैनिकों की मौत दर्ज थी। लेकिन इन आंकड़ों में कई नाम शामिल नहीं हैं। इसकी वजह यह है कि सैनिकों की मौत की जानकारी सरकारी रिकॉर्ड तक पहुंचने में काफी समय लगता है। मेडुजा और मीडियाजोना ने इस बारे में अलग से जांच की। दोनों ने सरकारी आंकड़ों और दूसरे रिकॉर्ड का मिलान किया। इसमें उन सैनिकों को भी गिना गया जो लापता हैं और जिनके जिंदा होने की उम्मीद कम है। इस तरह कुल मौतों का आंकड़ा 7 लाख से ज्यादा पहुंच गया।

सैनिकों की कमी पूरी करने में जुटा रूस

रूस को जंग में लगातार सैनिकों का नुकसान हो रहा है। इसकी भरपाई के लिए सरकार हर साल 4 लाख से ज्यादा नए लोगों को सेना में भर्ती कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, रूस 2026 में करीब 4 लाख 9 हजार नए सैनिकों को शामिल करने की तैयारी में है। इसके लिए लोगों को बड़ी रकम देने का ऑफर दिया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सेना में आने के लिए तैयार हों।

आगे बढ़ना रूस के लिए हो सकता है मुश्किल

जानकारों का मानना है कि रूस जितने नए सैनिकों को सेना में ला रहा है उससे ज्यादा सैनिक जंग में गंवा रहा है। अभी नई भर्तियों के दम पर युद्ध जारी है लेकिन आगे मुश्किल बढ़ सकती है। अगर सैनिकों की मौत इसी तरह होती रही तो रूस के पास हमले के लिए पैदल सैनिकों की कमी हो सकती है। ऐसे में आने वाले समय में युद्ध के मैदान में उसकी ताकत पर भी असर पड़ सकता है।

Created On :  

Tags

Next Story