Jensen Huang NVIDIA CEO: 'महान देशभक्त और राष्ट्रीय धरोहर', जेन्सेन हुआंग की NVIDIA में वापसी पर ट्रंप का रिएक्शन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। एनवीडिया में नेतृत्व को लेकर चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया है। जेनसन हुआंग एक बार फिर CEO और प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी संभालेंगे। कंपनी के इस फैसले पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने जेन्सन हुआंग को कंपनी के सीईओ पद पर वापस लाने का एकदम सही फैसला लिया है।
यह भी पढ़े -NVIDIA में बड़ा यू-टर्न! 11 दिन बाद जेनसन हुआंग की CEO पद पर वापसी, तीनों पद पर हुई बहाली
बता दें, 12 नवंबर को पद से इस्तीफा देने के महज 11 दिन बाद 23 नवंबर को कंपनी के बोर्ड ने सर्वसम्मति से उनकी वापसी पर मुहर लगा दी। उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रेसिडेंट, CEO और बोर्ड डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। NVIDIA ने अपने आधिकारिक न्यूजरूम में इस फैसले की जानकारी दी। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले तक बोर्ड उनकी वापसी को लेकर सहमत नहीं था। हालांकि, अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले इनपुट और हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत के बाद बोर्ड ने अपना रुख बदल लिया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (23 नवंबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने कहा, ‘अमेरिका के अटॉर्नी जनरल ने भी इस बात की पुष्टि की है कि अमेरिकी सरकार के पास इस बात का कोई सबूत नहीं है कि उन्होंने कोई गैर-कानूनी काम किया है। व्यक्तिगत तौर पर कहूं तो, मैं जेन्सन को जानने लगा हूं और वह एक महान देशभक्त और राष्ट्रीय धरोहर हैं।’
यह भी पढ़े -बैरन की डेटिंग पर मां की नजर, मेलानिया बोलीं- दुनिया खतरों से भरी है, अमेरिका की प्रथम महिला की बेटे को खास सीख
उन्होंने कहा, ‘इसके अलावा, एनवीडिया को अमेरिकी एक्सपोर्ट कंट्रोल्स के नियमों के अनुपालन को लेकर अपनी आंतरिक जांच जारी रखनी चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कंपनी अपने कानूनी दायित्वों और देश की राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने के देशभक्तिपूर्ण कर्तव्य को पूरा कर रही है।’ ट्रंप ने आगे कहा, ‘जेन्सन, एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, अमेरिका के जनता और असल में पूरी दुनिया को बहुत-बहुत बधाई! इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।’
Created On :  

