अमेरिका समाचार: ट्रंप को अदालत से फिर झटका, जन्मसिद्ध नागरिकता पर नए आदेश को रोका

ट्रंप को अदालत से फिर झटका, जन्मसिद्ध नागरिकता पर नए आदेश को रोका
अमेरिकी अदालत ने ट्रंप प्रशासन के नए जन्मसिद्ध नागरिकता आदेश पर रोक लगा दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति संविधान में दिए गए नागरिकता के अधिकार में अपनी ओर से नए अपवाद नहीं जोड़ सकते।

डिजिटल डेस्क,वॉशिंगटन। अमेरिका में पैदा होने वाले बच्चों को जन्म के आधार पर नागरिकता देने के नियमों में बदलाव की प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप की एक और कोशिश को कोर्ट ने रोक दिया है। वॉशिंगटन की एक संघीय कोर्ट ने ट्रंप प्रशासन के नए कार्यकारी आदेश पर रोक लगाते हुए कहा कि राष्ट्रपति अपनी मर्जी से अमेरिकी संविधान में दिए गए जन्मसिद्ध नागरिकता के अधिकार में नए अपवाद नहीं जोड़ सकते। इस केस में अमेरिकी सिविल लिबर्टीज यूनियन (ACLU) ने प्रभावित परिवारों की ओर से याचिका दायर की थी।

आदेश में दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में काम करने वाले कुछ विदेशी कर्मचारियों के बच्चों को भी नागरिकता से वंचित करने का प्रावधान था। ट्रंप प्रशासन का तर्क था कि ये श्रेणियां संविधान के तहत मिलने वाले जन्मसिद्ध नागरिकता के अधिकार के दायरे में नहीं आतीं।

यह मामला नाथन बनाम ट्रंप के नाम से जाना जाता है। ट्रंप ने 6 अगस्त को नया कार्यकारी आदेश जारी किया था, जिसका उद्देश्य अमेरिका में पैदा होने वाले कुछ बच्चों को जन्मसिद्ध नागरिकता के अधिकार से बाहर रखना था। इससे पहले जून में सुप्रीम कोर्ट भी ट्रंप के पुराने नागरिकता आदेश पर रोक लगा चुका था।

नए आदेश के तहत उन बच्चों को निशाना बनाया गया था, जिनके माता-पिता में से कोई भी अमेरिकी नागरिक नहीं है। इनमें विरोधी देश के विदेशी नागरिक, विदेशी सरकारों के कर्मचारी और अमेरिका में बच्चे को जन्म देकर नागरिकता हासिल करने की योजना बनाने वाले लोग शामिल थे। व्यावसायिक सरोगेसी के जरिए अमेरिका में जन्म लेने वाले बच्चों को भी इसके दायरे में रखा गया था।

कोर्ट ने ट्रंप प्रशासन की दलीलों को खारिज कर दिया। ACLU के अनुसार कोर्ट ने माना कि बच्चों को केवल उनके माता-पिता की नागरिकता या कानूनी स्थिति के आधार पर जन्मसिद्ध नागरिकता से वंचित नहीं किया जा सकता। इस आदेश को चुनौती देने के लिए ACLU समेत कई संगठनों ने 28 सितंबर को मुकदमा दायर किया था। इनमें एशियन लॉ कॉकस, NAACP लीगल डिफेंस एंड एजुकेशनल फंड और डेमोक्रेसी डिफेंडर्स फंड भी शामिल थे। बुधवार का फैसला ट्रंप के अगस्त में जारी नए आदेश से संबंधित है।

Created On :  

Tags

Next Story