Trump's Tariff: 25% नहीं अब केवल 15%...अमेरिका ने अचानक घटाया टैरिफ, कब से लागू होगा फैसला? भारत को क्यों नहीं मिलेगा फायदा?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टैरिफ नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नए आदेश के तहत खेती और उद्योग में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनों पर टैक्स कम कर दिया गया है। यह फैसला 8 जून 2026 से लागू होगा। सरकार का कहना है कि इससे अमेरिकी कारोबार और उद्योग को फायदा मिलेगा। ट्रैक्टर, कंबाइन हार्वेस्टर, बुलडोजर, फोर्कलिफ्ट और कुछ एयर कंडीशनिंग सिस्टम अब कम टैक्स पर अमेरिका लाए जा सकेंगे। हालांकि, यह राहत सभी देशों के लिए नहीं है। केवल कुछ चुनिंदा देशों को ही कम टैरिफ का फायदा मिलेगा।
खेती और उद्योग की मशीनों पर टैक्स में राहत
नए नियम के अनुसार, कंबाइन हार्वेस्टर और अन्य कृषि मशीनों पर लगने वाला 25 फीसदी टैरिफ घटाकर 15 फीसदी कर दिया गया है। बुलडोजर, फोर्कलिफ्ट और दूसरे मोबाइल औद्योगिक उपकरणों को भी इसी श्रेणी में रखा गया है। इससे इन मशीनों का अमेरिका में आयात पहले के मुकाबले सस्ता हो जाएगा।
अमेरिकी स्टील इस्तेमाल करने पर और कम टैक्स
अगर कोई विदेशी कंपनी ऐसी मशीन अमेरिका भेजती है जिसमें कम से कम 85 फीसदी अमेरिकी स्टील या एल्युमीनियम का उपयोग हुआ हो, तो उस पर प्रभावी टैक्स घटकर केवल 10 फीसदी रह जाएगा। इसके अलावा कुछ घरेलू हीटिंग, वेंटिलेशन और कंडीशनिंग सिस्टम को भी अस्थायी रूप से 15 फीसदी टैरिफ वाली श्रेणी में शामिल किया गया है।
भारत और अन्य देशों पर क्या असर होगा?
भारत को इस फैसले का सीधा लाभ मिलने की संभावना नहीं है। अमेरिका ने कम टैरिफ का फायदा केवल उन देशों को दिया है जिनके साथ उसका व्यापार समझौता है या जिन्हें विशेष छूट मिली हुई है। इनमें जापान, दक्षिण कोरिया, यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और ताइवान शामिल हैं। वहीं कनाडा और मेक्सिको के लिए अलग नियम बनाए गए हैं। इन देशों से आने वाले उत्पादों के गैर-अमेरिकी हिस्से पर 25 फीसदी टैक्स लगेगा, लेकिन कुल टैरिफ 15 फीसदी से कम नहीं होगा।
Created On :   2 Jun 2026 10:30 AM IST











