Trump Tariff News: ट्रंप का बड़ा ऐलान...भारत पर लगाया 25% एक्स्ट्रा टैरिफ, कुल 50 फीसदी हुआ, इस वजह से लिया फैसला

- ट्रंप ने भारत पर फोड़ा टैरिफ बम
- 25 फीसदी एक्स्ट्रा के साथ अब कुल 50 फीसदी हुआ टैरिफ
- भारत के रूस से तेल खरीदने के चलते लिया फैसला
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत पर टैरिफ बम फोड़ा है। ट्रंप ने कहा कि भारत रूस से लगातार तेल खरीद रहा है, जिसके चलते उस पर 25 फीसदी एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का ऐलान किया गया है। बुधवार शाम को अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से अतिरिक्त टैक्स लगाने का कार्यकारी आदेश (एग्जीक्यूटिव ऑर्डर) साइन किया गया है।
आदेश के मुताबिक, यह टैरिफ 21 दिनों के भीतर प्रभाव में आएगा, यानी 27 अगस्त 2025 से भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले सामानों पर लागू होगा। हालांकि, वे वस्तुएं जो इस तारीख से पहले रवाना हो चुकी होंगी और 17 सितंबर 2025 से पहले अमेरिका पहुंच जाएंगी, उन्हें इस शुल्क से छूट मिलेगी।
आदेश में साफ तौर पर कहा गया है कि यह टैरिफ अन्य सभी शुल्कों और टैक्स के अतिरिक्त होगा। इसमें कुछ खास मामलों में छूट मिल सकती है। इस आदेश में यह भी बताया गया है कि यदि भविष्य में जरूरत पड़ी तो राष्ट्रपति ट्रम्प इसमें संशोधन कर सकते हैं, यानी टैरिफ की दर बदल सकते हैं या इसमें और भी नए प्रावधान जोड़ सकते हैं।
ट्रंप के इस आदेश का यह आधार साल 2022 में घोषित वह राष्ट्रीय आपातकाल है, जिसमें अमेरिका ने रूस की यूक्रेन पर सैन्य कार्रवाई के मद्देनजर रूसी तेल के आयात पर प्रतिबंध लगाया था। अब राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि भारत ने इस प्रतिबंध को दरकिनार करते हुए रूस से लगातार तेल खरीद रहा है, जिससे रूस आर्थिक लाभ कमा रहा है। इसी के चलते भारत पर एक्सट्रा टैरिफ लगाया गया है।
इस आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि कोई और देश रूस से तेल खरीदता है तो उस पर भी इसी तरह का टैरिफ लगाया जाएगा। ट्रंप के इस कार्यकारी आदेश में यह साफ किया गया है कि रूसी तेल का तात्पर्य केवल रूस से निर्यात किया गया तेल नहीं है, बल्कि ऐसा कोई पेट्रोलियम उत्पाद है जो रूस में तैयार हुआ हो, या किसी तीसरे देश के जरिए भारत की ओर से खरीदा गया हो और स्त्रोत रूस हो। यह फैसला तेल की परोक्ष खरीद को प्रतिबंधित करने की मंशा से लिया गया है।
Created On :   6 Aug 2025 10:40 PM IST