Middle East Tension: गाजा पर शांतिवार्ता के लिए ट्रंप का बड़ा दांव, हमास से बातचीत के लिए मिस्र पहुंचे कुशनर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में इजराइल और हमास के बीच जारी संघर्ष को 2।5 साल से ज्यादा का समय बीत चुका है। इस संघर्ष को रोकने के प्रयासों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और मिडिल ईस्ट मामलों के दूत जेरेड कुशनर ने मिस्त्र में हमास के नेताओं के साथ मुलाकात की है। इस मुलाकात का मुख्य मुद्दा गाजा में सीजफायर और ट्रंप प्रशासन की ओर से तैयार किए जा रहे शांति रोडमैप को आगे बढ़ाना रहा।
यह भी पढ़े -मार्केट आउटलुक कच्चे तेल की कीमतें, अमेरिका-ईरान तनाव और आर्थिक आंकड़ों से तय होगी शेयर बाजार की चाल
मिस्त्र में गाजा में सीजफायर पर अहम बैठक
मिस्र में हुई इस अहम बैठक को गाजा में जारी युद्ध को खत्म करने और युद्ध के बाद वहां की राजनीतिक व्यवस्था तय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। बैठक में हमास के राजनीतिक नेता खलील अल-हया भी मौजूद रहे।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत जेरेड कुशनर ने कहा कि अमेरिका ऐसी किसी भी योजना के पक्ष में नहीं है, जिसमें गाजा के लोगों को उनकी जमीन से बाहर निकाला जाए। बैठक में युद्ध के बाद गाजा के प्रशासन को लेकर भी चर्चा हुई। अमेरिकी सूत्रों के मुताबिक, एक नई राष्ट्रीय समिति को गाजा की प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपने का प्रस्ताव है, जबकि हमास को शासन से अलग रखने की बात कही जा रही है। इसके अलावा, हमास से अपने हथियार और सैन्य ढांचा छोड़ने की मांग भी की जा रही है।
इस बैठक में अमेरिका और हमास के अलावा मिस्र, कतर और तुर्की के अधिकारी भी शामिल हुए। मिस्र के खुफिया प्रमुख हसन रशद, कतर के राजनयिक अली अल-थवादी और तुर्की के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बातचीत में हिस्सा लिया। वहीं, बोर्ड ऑफ पीस के दूत निकोले म्लादेनोव और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर भी कुशनर के साथ मौजूद थे।
यह भी पढ़े -स्वतंत्रता दिवस पर राजदूत क्वात्रा ने अमेरिकी संबंधों में भारतीय प्रवासियों की भूमिका को सराहा
ट्रंप के रोडमैप पर अमेरिका-इजरायल में मतभेद
कुशनर का मिस्र और इजरायल दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब गाजा को लेकर ट्रंप के प्रस्तावित रोडमैप पर अमेरिका और इजरायल के बीच मतभेद दिखाई दे रहे हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पहले ही इस योजना को इजरायल के लिए स्वीकार्य नहीं बता चुके हैं। इसलिए कुशनर की हमास और दूसरे क्षेत्रीय पक्षों के साथ बातचीत को इन मतभेदों को कम करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
बैठक के बाद हमास ने कहा कि वह ट्रंप की योजना के दूसरे चरण को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है। संगठन ने मध्यस्थ देशों और बोर्ड ऑफ पीस से इजरायल पर समझौते की शर्तों को लागू कराने के लिए दबाव बनाने की अपील की। हमास ने सीजफायर के उल्लंघन को रोकने, इजरायली सैन्य कार्रवाई बंद करने और दूसरे चरण को लागू करने के लिए एक स्पष्ट समयसीमा तय करने की भी मांग की।
Created On :   17 Aug 2026 8:07 AM IST












