यमन में बढ़ा सैन्य तनाव: हौथियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, सरकारी सेना ने 24 घंटे में किए 181 सैन्य ऑपरेशन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। यमन में सरकारी सेना और हौथी विद्रोहियों के बीच संघर्ष एक बार फिर तेज होता नजर आ रहा है। यमनी सरकारी सेना ने रविवार को दावा किया है कि उसने पिछले 24 घंटे में हौथियों के कब्जे वाले इलाकों में 181 सैन्य ऑपरेशन किए। इन कार्रवाइयों में ड्रोन, तोप और रॉकेट लॉन्चर का इस्तेमाल किया गया।
यह भी पढ़े -भाजपा ने कर्नाटक सरकार पर साधा निशाना, आरएसएस की गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने की दी चुनौती
हौथियों के ठिकानों और हथियारों को बनाया निशाना
सरकारी सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल माजिद अल-नुजैली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान हौथियों के ठिकानों, हथियारों के भंडार, सैन्य वाहनों और उन सुविधाओं को निशाना बनाया गया, जिनका इस्तेमाल हमलों के लिए किया जा रहा था।
प्रवक्ता के मुताबिक, सैन्य कार्रवाई में हौथी समूह के कई सदस्य मारे गए या घायल हुए हैं। साथ ही सात प्रांतों में विद्रोहियों के सैन्य उपकरणों को भी नष्ट करने का दावा किया गया है। हालांकि, सेना ने मारे गए या घायल लोगों की सटीक संख्या नहीं बताई है।
हमलों के जवाब में शुरू किया अभियान
यमनी सेना का कहना है कि यह कार्रवाई हाल के दिनों में सरकारी सैनिकों, नागरिक ढांचे, आर्थिक प्रतिष्ठानों और बंदरगाहों पर हुए हौथी हमलों के जवाब में की गई है। सेना ने कहा कि हौथियों के हमलों से सरकारी नियंत्रण वाले इलाकों में सुरक्षा स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
वहीं, हौथी विद्रोहियों ने शनिवार शाम तेल संपदा वाले मारिब प्रांत की राजधानी मारिब शहर को निशाना बनाने का दावा किया। सरकार समर्थक मीडिया के मुताबिक, शहर के रिहायशी इलाकों की दिशा में तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं।
राज्य संचालित सबा टीवी के अनुसार, शुरुआती तौर पर हमले में किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली। हालांकि, स्थानीय लोगों ने बताया कि मिसाइल हमलों के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी।
यह भी पढ़े -होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय यूएई के दो टैंकरों पर हमला, विदेश मंत्रालय ने की ईरान की निंदा
सऊदी अरब भी बना निशाना
रिपोर्ट के मुताबिक, हौथी विद्रोहियों ने हाल के हफ्तों में यमन के सरकारी नियंत्रण वाले क्षेत्रों के साथ-साथ पड़ोसी सऊदी अरब में मौजूद ठिकानों पर भी मिसाइल और ड्रोन हमले बढ़ाए हैं। सऊदी अरब यमन की सरकार का प्रमुख समर्थक है।
हौथी समूह ने 20 जुलाई को सऊदी जहाजों के लिए समुद्री प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। इसके बाद संगठन ने लाल सागर में सऊदी तेल टैंकरों और सऊदी अरब के भीतर ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का दावा भी किया।
2014 से जारी है यमन का संघर्ष
यमन में हौथियों और सरकार के बीच संघर्ष 2014 के अंत से जारी है। उस दौरान हौथी विद्रोहियों ने उत्तरी यमन के बड़े हिस्से पर कब्जा कर लिया था। इसमें राजधानी सना भी शामिल थी।
इसके बाद यमनी सरकार के समर्थन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 2015 में सैन्य हस्तक्षेप किया। वर्षों से जारी इस संघर्ष में यमन गंभीर मानवीय और आर्थिक संकट से गुजर रहा है। हालिया सैन्य कार्रवाइयों से एक बार फिर क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका है।
Created On :   17 Aug 2026 12:30 AM IST












