US-Iran War: होर्मुज स्ट्रेट में नाकाबंदी के बीच इजरायल के विदेश मंत्री ने एस.जयशंकर से फोन पर की बात, इन मुद्दों को लेकर हुई चर्चा

होर्मुज स्ट्रेट में नाकाबंदी के बीच इजरायल के विदेश मंत्री ने एस.जयशंकर से फोन पर की बात, इन मुद्दों को लेकर हुई चर्चा
अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर जारी है। हाल ही में पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच शांतिवार्ता हुई थी। हालांकि, इस वार्ता में दोनों देश शांति समझौते के निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सके थे।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर जारी है। हाल ही में पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में दोनों देशों के बीच शांतिवार्ता हुई थी। हालांकि, इस वार्ता में दोनों देश शांति समझौते के निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सके थे। इस बीच इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने मंगलवार को भारतीय विदेश मंत्री डॉ। एस. जयशंकर से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों देशों के विदेश मंत्री ने मिडिल ईस्ट में बिगड़ते हालातों, खासतौर से ईरान, लेबनान और होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षा चुनौतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सोशल मीडिया एक्स पर इजराइली विदेश मंत्री ने एक्स पर पोस्ट में जानकारी साझा की।

इजराइली विदेश मंत्री ने एस जयशंकर से की चर्चा

इजराइली विदेश मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय की सुरक्षा के लिए ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना अनिवार्य है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ हमेशा की तरह एक सुखद बातचीत हुई। हमने ईरान, होर्मुज स्ट्रेट और लेबनान पर चर्चा की। मैंने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार प्राप्त करने से रोकने वाली शर्तों (ईरान में संवर्धन पर रोक, संवर्धित सामग्री को हटाने) पर बातचीत में अमेरिका का साफ रुख पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए जरूरी है।'

गिदोन सार ने बताया, ईरान की ओर से नौवहन की स्वतंत्रता में पैदा की जा रहीं रुकावटे वैश्विक अर्थव्यवस्था को भारी क्षति हो रही है। अब ऐसी निर्णायक कार्रवाई की जरूरत है, जिससे भारत और खाड़ी देशों समेत सभी राष्ट्रों के व्यापारिक जहाज सुरक्षित रूप से आ-जा सकें। उन्होंने लेबनान की स्थिति पर भी अपने विचार साझा किए।

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच कुवैत के विदेश मंत्री से हुई बातचीत

बता दें, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी प्रभावी होने के बीच सोमवार को कुवैत और सिंगापुर के अपने समकक्षों से बात कर मिडिल ईस्ट तनाव पर वार्ता की। कुवैत के विदेश मंत्री शेख जर्राह जाबेर अल-अहमद अल-सबा के साथ बातचीत के दौरान जयशंकर ने वहां रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा पर जोर दिया।

एस जयशंकर ने एक्स पर लिखा, 'कुवैत के विदेश मंत्री शेख जर्राह जाबेर अल-अहमद अल-सबा से सार्थक बातचीत हुई। यह बातचीत क्षेत्रीय स्थिति और भारतीय समुदाय के कल्याण पर केंद्रित थी।' इसके बाद विदेश मंत्री ने कहा कि उन्होंने और सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बालकृष्णन ने पश्चिम एशिया संघर्ष और इसके प्रभावों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, 'सिंगापुर के विदेश मंत्री विवियन बाला से बात करके हमेशा अच्छा लगता है। हमारी चर्चा पश्चिम एशिया संघर्ष और उसके प्रभावों पर केंद्रित थी।'

Created On :   14 April 2026 7:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story