हेल्थ टिप्स: लीजेंड्री सिंगर आशा भोसले का कार्डियक अरेस्ट से हुआ निधन, जानें क्या हैं इसके लक्षण और कब बरतनी चाहिए सतर्कता?

लीजेंड्री सिंगर आशा भोसले का कार्डियक अरेस्ट से हुआ निधन, जानें क्या हैं इसके लक्षण और कब बरतनी चाहिए सतर्कता?
दिल की बीमारियों को बिल्कुल भी इग्नोर नहीं करना चाहिए। क्योंकि दिल की बीमारियों के चलते ही कार्डियक अरेस्ट का भी खतरा ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसे में चलिए इसके लक्षण के बारे में जानते हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की जानी-मानी गायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके बेटे आनंद भोसले ने यह दुखद खबर दी है। ऐसा बताया जा रहा है कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ था। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली है। ऐसे में चलिए जानते हैं कि ये कार्डियक अरेस्ट कितना ज्यादा खतरनाक होता है और कैसे इससे बचाव कर सकते हैं।

कार्डियक अरेस्ट के संकेत

कार्डियक अरेस्ट एक गंभीर स्थिति होती है, जिसमें दिल अचानक काम करना बंद कर देता है। इसके कुछ आम लक्षण होते हैं जैसे अचानक बेहोश हो जाना, सांस रुकना, नब्ज का महसूस न होना, सीने में दर्द, सांस लेने में दिक्कत और दिल की धड़कन का तेज या अनियमित होना। हालांकि कई बार यह बिना किसी पहले संकेत के भी हो सकता है।

किन वजहों से बढ़ता है खतरा?

दिल की कई बीमारियां इस खतरे को बढ़ा सकती हैं। अगर दिल की नसों में रुकावट हो जाए, तो खून का बहाव कम हो जाता है और इससे खतरा बढ़ जाता है। हार्ट अटैक के बाद भी दिल पर असर पड़ता है और धड़कन बिगड़ सकती है। इसके अलावा दिल के वाल्व की समस्या या जन्म से जुड़ी दिल की बीमारी भी इसका कारण बन सकती है।

कैसे बचाएं जान?

अगर किसी व्यक्ति की सांस रुक जाए, तो तुरंत छाती पर दबाव देना शुरू करना चाहिए। इसे सही तरीके से करने से जान बचाई जा सकती है। जब तक डॉक्टर या मदद न पहुंच जाए, तब तक लगातार कोशिश करते रहना जरूरी होता है।

स्वस्थ रहना जरूरी

दिल को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना अच्छा खाना खाएं, नियमित व्यायाम करें और तंबाकू से दूर रहें। समय-समय पर जांच कराते रहें और अपने बीपी व कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखें। छोटी-छोटी सावधानियां आपको बड़े खतरे से बचा सकती हैं।

Created On :   12 April 2026 5:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story