Jio IPO Listing: शेयर बाजार में जियो की शानदार एंट्री, IPO के भाव से 21.36% प्रीमियम पर लिस्ट हुए शेयर, बनी देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी

शेयर बाजार में जियो की शानदार एंट्री, IPO के भाव से 21.36% प्रीमियम पर लिस्ट हुए शेयर, बनी देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी
जियो के शेयरों ने बाजार में 21.36 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ कारोबार की शुरुआत की। कंपनी ने इस आईपीओ के जरिए करीब 30,213 करोड़ रुपए जुटाए।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार (Indian Stock Market) में आज (28 अक्टूबर 2026, बुधवार) मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज की सब्सिडियरी जियो प्लेटफॉर्म्स ने शानदार शुरुआत की है। रिकॉर्डतोड़ आईपीओ और निवेशकों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद कंपनी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर 1,358 रुपए के भाव पर लिस्ट हुए। यह कंपनी के आईपीओ के 1,119 रुपए प्रति शेयर के इश्यू प्राइस से 239 रुपए अधिक है।

इस तरह जियो के शेयरों ने बाजार में 21.36 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ कारोबार की शुरुआत की। कंपनी की इस दमदार एंट्री से निवेशकों के बीच उत्साह देखने को मिला और जियो देश की सबसे वूल्यूवेल लिस्टेड कंपनियों में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।

30 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का IPO

जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ भारतीय शेयर बाजार के सबसे बड़े पब्लिक इश्यू में से एक रहा। कंपनी ने इस आईपीओ के जरिए करीब 30,213 करोड़ रुपए जुटाए। आईपीओ के लिए प्रति शेयर कीमत 1,065 रुपयए से 1,119 रुपए के बीच रखी गई थी। बाद में इसका फाइनल इश्यू प्राइस 1,119 रुपए तय किया गया। सब्सक्रिप्शन बंद होने के बाद से ही इसका GMP 20-22 फीसदी के आसपास स्थिर रहा।

इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। 21 से 23 अक्टूबर तक चले आवेदन के दौरान यह कुल मिलाकर करीब 22.19 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसका मतलब है कि बिक्री के लिए उपलब्ध शेयरों की तुलना में निवेशकों ने लगभग 22 गुना अधिक शेयरों के लिए आवेदन किया।

निवेशकों को प्रति शेयर कितना फायदा?

जियो के आईपीओ में जिन निवेशकों को शेयर 1,119 रुपए के इश्यू प्राइस पर मिले थे, उन्हें लिस्टिंग के समय प्रति शेयर 239 रुपए का फायदा मिला। प्रतिशत के हिसाब से यह लाभ 21.36 फीसदी बैठता है। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी निवेशक को आईपीओ में 12 शेयर मिले थे, तो उसके निवेश की लागत 13,428 रुपए रही होगी। 1,358 रुपए प्रति शेयर के लिस्टिंग भाव पर इन शेयरों की बाजार कीमत 16,296 रुपए हो गई। यानी शुरुआती कीमत के आधार पर निवेशक को 2,868 रुपए का लाभ मिला।

जियो का बाजार मूल्य 12.5 लाख करोड़ रुपए के पार

शेयर बाजार में लिस्टिंग के साथ ही जियो प्लेटफॉर्म्स ने देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी का स्थान हासिल कर लिया है। कंपनी का मार्केट कैप 12.50 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया, जबकि 16.12 लाख करोड़ रुपए के बाजार पूंजीकरण के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले नंबर पर बनी हुई है। जबकि, दूरसंचार क्षेत्र की प्रमुख प्रतिस्पर्धी भारती एयरटेल अब खिसककर तीसरे स्थान पर आ गई है। उसका मार्केट कैप 12.03 लाख करोड़ रुपए है।

Created On :  

Tags

Next Story