Share Market Closing Bell: शेयर बाजार में फिर आई गिरावट, सेंसेक्स ने 829 अंकों का गोता लगाया, निफ्टी 23640 के नीचे बंद हुआ

शेयर बाजार में फिर आई गिरावट, सेंसेक्स ने 829 अंकों का गोता लगाया, निफ्टी 23640 के नीचे बंद हुआ
आज सेंसेक्स 829.29 अंक नीचे 76,034.42 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 227.70 अंक नीचे 23,639.15 के स्तर पर बंद हुआ।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) में एक बार फिर से भारी गिरावट देखने को मिली है। कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन (12 मार्च 2026, गुरुवार) प्रमुख भारतीय इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही लाल निशान पर बंद हुए। आज बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 829.29 अंक यानि कि 1.08 प्रतिशत नीचे 76,034.42 के स्तर पर बंद हुआ।

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 227.70 अंक यानि कि 0.95 प्रतिशत नीचे 23,639.15 के स्तर पर बंद हुआ।

कारोबार के अंत में करीब 2401 शेयरों में गिरावट देखने को मिली, वहीं 1653 शेयरों में बढ़त रही, जबकि 159 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी की कंपनियों आयशर मोटर्स, एमएंडएम, मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर कोल इंडिया, जियो फाइनेंशियल, अडानी एंटरप्राइजेज, एनटीपीसी और पावर ग्रिड कॉर्प के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे।

वहीं सेंसेक्स की 30 में से 25 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। इनमें एमएंडएम, मारुति, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट और इंडिगो के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे। दूसरी ओर 5 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर बंद होने में कामयाब रहे। इनमें एनटीपीसी, पावरग्रिड, टेक महिन्द्रा, एचसीएल टेक और रिलायंस के शेयर शामिल हैं।

बात करें भारतीय रुपया की तो गुरुवार को इसमें बीते बंद के मुकाबले 16 पैसे की गिरावट देखने को मिली और यह 92.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 92.27 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले बुधवार को रुपया 91.94 प्रति डॉलर पर खुला था और शाम को यह 92.03 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

आपको बता दें कि, सुबह बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। इस दौरान सेंसेक्स 952.61 अंक यानि कि 1.24 प्रतिशत नीचे 75,911.10 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 289.60 अंक यानि कि 1.21 प्रतिशत नीचे 23,577.25 के स्तर पर खुला था।

जबकि, बीते कारोबारी दिन (11 मार्च 2026, बुधवार) बाजार की शुरुआत मामूली गिरावट के साथ हुई थी और शाम को यह भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 1342.27 अंक नीचे 76,863.71 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 394.75 अंक की गिरावट के साथ 23,866.85 के स्तर पर बंद हुआ था।

Created On :   12 March 2026 3:40 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story