Share Market Closing Bell: बढ़त के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 390 अंक उछला, निफ्टी 25880 के पार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। भारतीय शेयर बाजार (Share Market) में आज (26 नवंबर 2026, गुरुवार) भी तेजी देखने को मिली। दिनभर के कारोबार के बाद बीएसई सेंसेक्स (Sensex) और एनएसई निफ्टी (Nifty) दोनों ही हरे निशान पर बंद हुए। कारोबारी सप्ताह के चौथे दिन घरेलू शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत लगभग सपाट रही, लेकिन दिन बढ़ने के साथ बाजार में खरीदारी देखने को मिली। इसका असर प्रमुख शेयर सूचकांकों पर भी दिखाई दिया।
आज बंबई स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सेंसेक्स 390.31 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 84,328.59 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 65.25 अंक यानि कि 0.25% प्रतिशत बढ़कर 25,884.50 के स्तर पर बंद हुआ।
इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा तेजी और गिरावट
कारोबार के अंत में सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 13 कंपनियों के शेयर हरे निशान पर रहे। इनमें एचसीएल टेक, टीसीएस, इन्फोसिस, टेक महिन्द्रा, एचडीएफसी बैंक और टाटा स्टील के शेयर सबसे ज्यादा लाभ में रहे। दूसरी ओर 17 कंपनियों के शेयर लाल निशाान पर रहे। इनमें एशियन पेंट, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, आईसीआईसीआई बैंक और इंडिगो के शेयर सबसे ज्यादा नुकसान में रहे।
डॉलर के मुकाबले रुपए में मामूली गिरावट
शेयर बाजार में तेजी के उलट भारतीय रुपया के लिए भी गुरुवार का दिन अच्छा नहीं रहा। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 22 पैसे कमजोर होकर 92.45 पर बंद हुआ। इससे पहले सुबह रुपया 92.55 प्रति डॉलर पर खुला था। जबकि, एक दिन पहले बुधवार की सुबह रुपया 92.73 रुपए प्रति डॉलर के स्तर पर खुला था और शाम को यह 92.23 रुपए प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ था।
बीते दिन मजबूती के साथ बंद हुआ था बाजार
आपको बता दें कि, सुबह शेयर बाजार सपाट स्तर पर खुला था। इस दौरान सेंसेक्स 41.68 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की तेजी के साथ 83979.96 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 4 अंक यानि कि 0.02 प्रतिशत गिरकर 25815.25 के स्तर पर खुला था।
जबकि, बीते कारोबारी दिन (25 नवंबर 2026, बुधवार) शेयर बाजार तूफानी तेजी के साथ खुला था और शाम को भी जबरदस्त तेजी के साथ बंद हुआ था। इस दौरान सेंसेक्स 1,502.29 अंक यानी 1.82 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,031.81 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी भी 469.60 अंकों यानी 1.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,819.25 के स्तर पर पहुंच गया था।
Created On :  
