Weather Update: इन 22 राज्यों में बरपेगा बारिश का कहर! मूसलाधार बारिश, आंधी और लैंडस्लाइड का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है। इस बीच मौसम विभाग ने कुछ इलाकों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उससे लगे उत्तरी गुजरात के ऊपर दबाव बन रहा है, जिसका असर 14 सितंबर, 2026 को सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ इलाकों में देखने को मिला है। इसके अलावा देश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की उम्मीद जताई गई है। ये हालात अगले 24 घंटे तक बने रह सकते हैं।
इन राज्यों में मूसलाधार बारिश
मौसम विभाग (IMD) ने इसके साथ ही बताया कि 19 सितंबर, 2026 के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून की वापसी के लिए हालात अनुकूल रहने की संभावना बन रही है। इसके अलावा विभाग ने बताया कि 15 सितंबर, 2026 को यूपी, बिहार समेत 22 राज्यों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। इसी दौरान 70 से 80 किमी प्रति घंटे की गति से हवा के झोंके भी चल सकते हैं। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की संभावना भी जताई गई है।
रिपोर्ट्स में बताया गया है कि तेज आंधी की वजह से आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही जंगल वाले क्षेत्रों में बड़े-बड़े वृक्षों को नुकसान हो सकता है।
पहाड़ी इलाकों में जारी किया अलर्ट
IMD ने बताया कि पहाड़ी प्रदेशों की यात्रा करने से पहले मौसम संबंधी अपडेट देख लें। इसके साथ ही पूर्वी भारत के राज्यों में आकाशीय बिजली और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा कई प्रदेशों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने की स्थिति बन रही है। विभाग ने बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है, जिसका असर पूर्वी भारत के प्रदेशों में नजर आ सकता है।
इन 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने बताया कि 15 सितंबर को देश के 22 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इनमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गुजरात और महाराष्ट्र शामिल हैं। साथ ही 80 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
Created On :   14 Sept 2026 6:17 PM IST













