UP News: अंबेडकर नगर में दर्दनाक हादसा, बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर, 4 यात्रियों की मौत, 3 की हालत गंभीर

अंबेडकर नगर में दर्दनाक हादसा, बस और ट्रेलर की जोरदार टक्कर, 4 यात्रियों की मौत, 3 की हालत गंभीर
उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर बस और ट्रेलर की टक्कर हो गई है। हादसे में 4 यात्रियों की मौत और तीन घायल हुए हैं।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर एक वोल्वो बस की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई है। हादसा इतना तेज था कि बस में बैठे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। वहीं, पुलिस ने पहुंचकर बचाव का काम शुरू किया। बस से यात्रियों को बाहर निकाल कर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताजा जा रहा है कि इलाज के दौरान चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, तीन यात्रियों की हालत गंभीर हैं।

सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा

न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना जैतपुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर नंबर 85 के पास हुई। शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे दिल्ली से दरभंगा जा रही वोल्वो बस एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।

चार लोगों की मौत, तीन जख्मी

पुलिस के अनुसार, घायलों को पहले सीएचसी नगपुर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने चार यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। तीन घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर भेजा गया है। पुलिस अभी मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी है।

चालक को झपकी आने की आशंका

अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में बस चालक को झपकी आने की बात सामने आई है। इसी वजह से हादसा होने की आशंका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बता दें कि, इससे पहले सितंबर में ग्रेटर नोएडा के जेवर इलाके में भी बड़ा बस हादसा हुआ था। दिल्ली से महोबा जा रही बस में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस और बचाव दल ने 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला था। घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ने भी दुख जताया था।

Created On :   2 Oct 2026 9:50 AM IST

Tags

Next Story