CEC Controversy: दिल्ली में प्रदर्शन से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा, जंतर-मंतर से कनॉट प्लेस तक लागू हुई धारा 163, 11 मेट्रो स्टेशन बंद

दिल्ली में प्रदर्शन से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा, जंतर-मंतर से कनॉट प्लेस तक लागू हुई धारा 163, 11 मेट्रो स्टेशन बंद
गांधी जयंती पर दिल्ली में प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस में भीड़, नारेबाजी और प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गांधी जयंती के दिन दिल्ली में कई संगठनों ने प्रदर्शन का ऐलान किया है। छात्र संगठनों, लेफ्ट, यूथ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। नई दिल्ली के कई इलाकों में लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा पुलिस ने BNSS की धारा 163 लागू की है। इसके तहत बिना अनुमति सभा, जुलूस, धरना और नारेबाजी नहीं की जा सकेगी। जंतर-मंतर और कनॉट प्लेस के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है। दिल्ली से लगे यूपी और हरियाणा बॉर्डर पर भी जवान तैनात किए गए हैं।

पोस्टर और नारे लगाने पर भी रोक

बता दें कि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन वाले इलाके में कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं। बिना अनुमति लोगों के एक जगह जमा होने पर रोक लगा दी गई है। इसी के साथ ही, पोस्टर, बैनर लेकर चलने, नारे लगाने और भाषण देने की भी इजाजत नहीं होगी। लाठी, डंडे, तलवार और भाले जैसी चीजें लेकर चलने पर भी रोक रहेगी। पुलिस ने लोगों से आदेश का पालन करने को कहा है। नियम तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

दिल्ली में बड़ी संख्या में जवान तैनात

प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी थी। नई दिल्ली के VVIP इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल के जवान भी ड्यूटी पर हैं। दिल्ली से जुड़े यूपी और हरियाणा बॉर्डर पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।

11 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने भी बड़ा बदलाव किया है। जानकारी के मुताबिक, 11 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद रहेगी। इनमें जनपथ, पटेल चौक, सेवा तीर्थ, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार और रामकृष्ण आश्रम मार्ग शामिल हैं। नई दिल्ली, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी।

Created On :   2 Oct 2026 10:43 AM IST

Tags

Next Story