- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भाजपा प्रदेश प्रभारी देब और सह...
MP News: भाजपा प्रदेश प्रभारी देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा भोपाल में, पहुंचे बूथ कार्यकर्ताओं के घर

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने बुधवार को भोपाल में पार्टी के अलग-अलग कार्यक्रमों में सहभागिता की। बिप्लब और रेखा वर्मा भाजपा कार्यालय भी पहुंचे। प्रदेश संगठन में जिम्मेदारी संभालने के बाद दोनों का पहला प्रदेश दौरा है। भाजपा कार्यालय में दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल किनारे खड़े थे। बिप्लब ने इशारे से विजयवर्गीय को पास बुलाया। विजयवर्गीय पास पहुंचे और दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई।
इसके बाद देव पार्टी नेताओं के साथ बैठक में शामिल हुए। बिप्लब ने कहा कि वे और रेखा वर्मा मिलकर मप्र में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाएंगे। सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए दोनों मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन की टीम जो काम करने जा रही है, उसमें सहयोग करना उनका लक्ष्य है। बिप्लब ने कहा कि उन्होंने हनुमानजी के दर्शन किए हैं। जिस तरह हनुमानजी ने रामराज्य की स्थापना के लिए काम किया, उसी दिशा में काम करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति यानी अंत्योदय तक पहुंचना उनकी प्राथमिकता है। रेखा वर्मा ने कहा कि संगठन को नीचे तक मजबूत करने के लिए काम किया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार और संगठन मिलकर काम कर रहे हैं। संगठन को मजबूत करने और सरकार के काम को और बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने के लिए सभी मिलकर काम किया जाएगा।
यह भी पढ़े -बीजेपी के नए प्रभारी बिप्लब कुमार देव भोपाल पहुंचे, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से की मुलाकात
देब ने पूर्व राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी के नेहरू नगर, बी-176, आकृति गार्डन निवास और विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के प्रोफेसर्स कॉलोनी स्थित निवास पहुंचकर भेंट की। उन्होंने भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-32, बूथ क्रमांक-69 की कार्यकर्ता मीना जाटव के ए/131, शास्त्री नगर स्थित निवास पहुंचकर भोजन किया। वे कोटरा सुल्तानाबाद स्थित वीर सावरकर बाल उद्यान भी पहुंचें और सावरकर को नमन किया। रेखा वर्मा ने ई-7, अरेरा कॉलोनी के बूथ क्र. 203, वार्ड-49 के अरेरा मंडल की कार्यालय मंत्री रंजना प्रसाद के घर खाना खाया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में अरेरा मंडल के वार्ड क्रमांक-48, शाहपुरा स्थित आंगनवाड़ी क्रमांक-774 पहुंचकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान कर बच्चों को फल बांटे। प्रदेश प्रभारी एवं सह प्रभारी 1 अक्टूबर को प्रदेश कार्यालय, भोपाल में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों एवं मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष की बैठक में शामिल होंगे।
Created On :   2 Oct 2026 12:30 AM IST












