Avimukteshwarananda case: 'उन छोटे-छोटे बच्चों को उनकी चीखों को...' शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने जान से मारने की धमकी के लगाए आरोप

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट ने फिलहाल रोक लगा दी है। इसके बाद उन पर केस करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी कोर्ट के इस फैसले पर निराशा व्यक्त की है। इस दौरान उन्होंने कहा कि इतना बड़ा अपराध करने के बाद अदालत ने उन्हे राहत दे दी है।
यह भी पढ़े -स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की अग्रिम जमानत पर कोर्ट का फैसला सुरक्षित, इस तारीख को होगी अगली सुनवाई
बटुक में डर का माहौल
आशुतोष ब्रह्मचारी ने बताया, "हमें सुन भी नहीं गया। उन छोटे-छोटे बच्चों को उनकी चीखों को नहीं सुना गया। यही कलयुग का कालनेमी है। हम तो भैया आज हाथ जोड़ रहे हैं। हमारे बटुक डरे हुए हैं।" उनका आगे कहना है, "हमें रात 10:30 बजे सूचना दी गई, हम कैसे कोर्ट चले जाते। अगले दिन हमें खतरा है, हम छुपे-छुपे घूम रहे हैं। हमें पुलिस की सुरक्षा नहीं दी गई है, हमें कुछ भी नहीं दिया गया है। हम कैसे अपनी अपील दाखिल करें? हमारा जवाब दाखिल नहीं हुआ और यह एक पक्षीय आदेश है जो जारी कर दिया गया।"
शंकराचार्य के समर्थकों का किया जिक्र
ब्रह्मचारी ने शंकराचार्य के समर्थकों को लेकर कहा, "वो लोग आदेश के बाद ढोल बजा रहे हैं, गुलाल उड़ा रहे हैं और हमें धमकियां दिलवा रहे हैं। वो लोग हमारे बटुकों को उठाने का प्रयास करवा रहे हैं। आज हम भैया हाथ जोड़ रहे हैं हम इतने बड़े आदमी से लड़ नहीं सकते।" इसके साथ ही शंकराचार्य के वकील पर कहा, "अविमुक्तेश्वरानंद के पास वकील भी है, पैसा भी है और नेता भी हैं। वो हमें मरवा देगा। हम हाथ जोड़ते हैं। पॉक्सो एक्ट की धारा 19 में साफ-साफ लिखा है कि हमारा काम सूचना देने का है, अब आगे का काम पुलिस देखेगी और माननीय न्यायालय देखेगा। हम हाथ जोड़ते हैं हमें मत मरवाओ।"
यह भी पढ़े -क्या मठ के अंदर मौजूद हैं सीक्रेट रूम और स्वीमिंग पूल? यौन शोषण मामले के बीच चौंकाने वाले दावे पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने तोड़ी चुप्पी
सोशल मीडिया पर फर्जी सूची
उन्होंने आगे दावा करते हुए कहा, "हमारे छोटे-छोटे बटुक रात से डरे हुए हैं। हम हाथ जोड़ते हैं। हमारी गाड़ी पर हमला हुआ, बच्चों को उठाने का प्रयास हुआ, बटुकों को छिनने का प्रयास हुआ, सोशल मीडिया पर फर्जी सूची जारी हुई थी, मुकदमा दर्ज हुआ, अभी तक पुलिस ने नक्शा तक नहीं बनाया है और कोई गिरफ्तारी तक नहीं की गई है।"
वकील को दी गई धमकी
आशुतोष ब्रह्मचारी ने दावा करते हुए कहा कि पुलिस उनकी नहीं सुन रही है। उन्होंने यह भी कहा, "अविमुक्तेश्वरानंद ने झूठा मुकदमा लिखवाया कि मेरे वकील को धमकी दी गई और एक आदमी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया। यहां पर पुलिस भी किसकी है, हमारी तो पुलिस भी नहीं सुन रही है। पुलिस हमें सुरक्षा भी नहीं दे रही, हमें कैसे न्याय मिलेगा?"
उनका कहना है, "हमने आज निर्णय लिया है माता रानी शाकुंभरी देवी के सामने, जितना हमें लड़ना था कि हमने लड़ लिए। हम डरे हुए हैं कि कैसे न्यायालय जाएं, वहां अभीअविमुक्तेश्वरानंद के वकीलों की भीड़ हमसे चिपका-चिपकी करती है।"
Created On :   1 March 2026 12:55 AM IST












