खेल मंत्रालय का बड़ा एक्शन: कुश्ती संघ को रद्य किया, बृजभूषण के करीबी नए अध्यक्ष संजय सिंह को किया निलंबित

कुश्ती संघ को रद्य किया, बृजभूषण के करीबी नए अध्यक्ष संजय सिंह को किया निलंबित
अगले आदेश तक किसी भी तरह की गतिविधि पर रोक लगी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत सरकार के खेल मंत्रालय ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय कुश्ती संघ को रद्द कर दिया है। खेल मंत्रालय ने नवनियुक्त कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह समेत पूरी नवनिवार्चित टीम को पद से निलंबित कर दिया है। यही नहीं, संजय सिंह द्वारा लिए गए सभी फैसलों पर भी रोक के साथ ही अगले आदेश तक किसी भी तरह की गतिविधि पर भी रोक लगा दी है।

आपको बता दें कि, हाल ही में भारतीय कुश्ती संघ के चुनाव संपन्न हुए थे, जिसमें बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह को जीत मिली थी। इसके बाद ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक सहित कई खिलाड़ियों ने इस फैसले पर आपत्ति जाहिर की थी।

खेल मंत्रालय का निर्देश

नए अध्यक्ष चुने जाने के तुरंत बाद उन्होंने नेशनल नंदिनी नगर गोंडा में अंडर-15 और अंडर-20 वर्ग की नेशनल प्रतियोगिताओं की घोषणा कर दी थी। भारतीय खेल मंत्रालय ने निर्देश में कहा है कि, WFI के नवनिर्वाचित कार्यकारी निकाय द्वारा की गई यह घोषणा जल्दबाजी में की गई है, प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले पहलवानों को इसकी न पर्याप्त सूचना दी गई और न ही डब्ल्यूएफआई के संविधान के प्रावधानों का पालन किया गया।

निर्देश में कहा गया है कि, ऐसे निर्णय कार्यकारी समिति द्वारा लिए जाते हैं। इसके लिए बैठक होती है, नोटिस देना होता है, कोरम पूरा करना होता। इस पूरी प्रक्रिया में 15 दिन के वक्त का प्रावधान है, लेकिन डब्ल्यूएफपआई के फैसले में इन नियमों का ध्यान नहीं रखा गया। जारी नोटिस में साफ कहा गया है कि, लिए गए फैसलों से नए अध्यक्ष की मनमानी दिखाई देती है, जो सिद्धांतों के खिलाफ है और पारदर्शिता से रहित हैं।

बीते सप्ताह हुए थे चुनाव

भारतीय कुश्ती महासंघ का चुनाव 21 दिसंबर को हुआ था। इस चुनाव में संजय सिंह को डब्ल्यूएफआई का नया अध्यक्ष चुना गया, जो कि भारतीय कुश्ती महासंघ के पर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के करीबी हैं। नए अध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही खिलाड़ियों ने विरोध जताना शुरू कर दिया था। ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक ने अपने संन्यास और बजरंग पुनिया ने भी पद्मश्री सम्मान वापस लौटाने की घोषणा कर दी। माना जा रहा है कि, खिलाड़ियों के इस विरोध के बाद ही भारतीय खेल मंत्रालय ने बड़ी कार्रवाई की है।

Created On :   24 Dec 2023 6:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story