Bijapur Naxal Encounter: बीजापुर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, दो नक्सली हुए ढेर, भारी मात्रा में गोला बारूद और हथियार बरामद

डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के दक्षिण इलाके में गुरुवार को नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें अभी तक दो माओवादी ढेर हो चुके हैं। मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद हुए हैं।
बीजापुर एसपी के मुताबिक, दक्षिण बस्तर क्षेत्र में सशस्त्र नक्सलियों के मौजूद होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान सुबह करीब 7 बजे जंगल में छिपे माओवादियों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने माओवादियों पर जबावी फायरिंग की और उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
यह भी पढ़े -झारखंड नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, मुठभेड़ में मारे गए 17 नक्सली
एके-47 और 9 एमएम पिस्टल बरामद
पुलिस अधीक्षक डॉ जितेन्द्र यादव ने बताया की सर्चिंग के दौरान मुठभेड़ स्थल से दो माओवादियों के शव बरामद हुए हैं। इसके साथ ही एके-47 और 9 एमएम पिस्टल सहित गोला बारूद बरामद हुए हैं। पुलिस अधीक्षक ने आगे कहा कि जिस मात्रा में हथियार मिले हैं, उससे माओवादियों की घातक मंशा भी उजागर होती है।
इस साल अब तक 22 ढेर
पुलिस के मुताबिक अभी भी इलाके में तलाशी अभियान जारी है। वहीं, इस कार्रवाई के साथ इस साल अब तक राज्य में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में 22 नक्सली मारे जा चुके हैं। इससे पहले 3 जनवरी को, बस्तर क्षेत्र में दो मुठभेड़ों में 14 माओवादी मारे गए थे, जिसमें बीजापुर सहित 7 जिले शामिल हैं।
Created On :   29 Jan 2026 5:40 PM IST












