उत्तर प्रदेश: बिजनौर में व्यापारियों और पूर्व सांसद के बीच भारी हंगामा, गाड़ी के सामने लेटे कारोबारी, मामला सुलझाने के लिए 5 करोड़ रुपए की मांग

बिजनौर में व्यापारियों और पूर्व सांसद के बीच भारी हंगामा, गाड़ी के सामने लेटे कारोबारी, मामला सुलझाने के लिए 5 करोड़ रुपए की मांग
उत्तर प्रदेश के बिजनौर से नेता और कारोबारी के बीच विवाद का बड़ा मामला सामने आया है। यहां के पूर्व सांसद भारतेंदु सिंह और स्थानीय कारोबारी बंधुओं के विवाद ने बड़ा रूप ले लिया है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बिजनौर से नेता और कारोबारी के बीच विवाद का बड़ा मामला सामने आया है। यहां के पूर्व सांसद भारतेंदु सिंह और स्थानीय कारोबारी बंधुओं के विवाद ने बड़ा रूप ले लिया है। पूर्व सांसद की गाड़ी के सामने कई कारोबारी लेट गए। इस दौरान वहां पर पुलिस-प्रशासन भी मौजूद था। कारोबारियों ने भारतेंदू सिंह पर आरोप लगाए हैं कि उनका आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। उनका कोई मामला सुलझाने के बदले 5 करोड़ रुपए की मांग भी की गई है।

CM से मामले की शिकायत

इस विवाद की शुरुआत कुछ ही महीने पहले हुई है, जब बीजेपी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रॉबिन चौधरी और आरा मशीन स्वामी खालिद के बीच मारपीट हुई थी। यह घटना गाड़ी हटाने के लेकर बताया गया है। इस घटना में पुलिस ने कई व्यापारियों को जेल भेज दिया था। इसके बाद भारतेंदु सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात करते हुए उन्हें माफिया बताया था। इसके बाद प्रशासन ने उनके स्टोन क्रशर सीज कर दिए साथ ही अवैध निर्माण पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई।

अधिकारी की तरह फाइलों की जांच

इस मामले की वैध जांच के लिए मंगलवार को एडीएम और वन विभाग की टीम आरा मशीन पहुंची थी। इस दौरान अधिकारियों को दस्तावेज मान्य पाए गए। इसके बाद सील खोलने के आदेश जारी ही होने वाले थे कि भारतेंदु सिंह यहां पर पहुंच गए। व्यापारियों ने पूर्व सांसद पर आरोप लगाए कि उन्होंने खुद अधिकारी की तरह फाइलों की जांच की। इसके बाद अधिकारियों को आदेश दिए कि सील खोलने वाले निर्देश सही नहीं है।

रंगदारी के लगाए आरोप

कारोबारी आबिद ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतेंदु सिंह लगातार झूठी शिकायतें कर रहे हैं, इस वजह से उनका कारोबार चौपट हो रहा है। उनका आगे कहना है, "सांसद हमसे 5 करोड़ रुपये मांग रहे हैं और कह रहे हैं कि पैसा दे दो तो शिकायतें बंद कर देंगे। हम इतना पैसा कहां से लाएं? मजबूर होकर हमें अपनी जान देनी पड़ रही है।"

पुलिस ने कारोबारियों को किया गिरफ्तार

इस हंगामे के बाद कारोबारी खुद थाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने पूर्व सांसद और अफसरों ेस अभद्रता के आरोप में तीन व्यापारियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी अभिषेक झा ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और अभद्रता के आरोप लगाए गए हैं। इन्हीं को लेकर तीनों पर कानूनी कार्रवाई की गई है।

वहीं, पूर्व सांसद का कहना है कि उनको एडीएम ने मौके पर बुलाया था और उन्होंने सिर्फ गलत दस्तावेजों का विरोध किया था।

Created On :   2 April 2026 6:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story