मौसम अपडेट: देशभर में बारिश का अलर्ट जारी, यूपी-बिहार के साथ 22 राज्यों में हो सकती है तेज बारिश, जानें आज का मौसम अपडेट

देशभर में बारिश का अलर्ट जारी, यूपी-बिहार के साथ 22 राज्यों में हो सकती है तेज बारिश, जानें आज का मौसम अपडेट
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देश के कई हिस्सों में तेज बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। जिसमें यूपी, बिहार, पंजाब के साथ करीब 22 राज्य शामिल हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीते कुछ दिनों से देशभर के कई राज्यों के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने एक बार फिर से देश के मौसम में बदलाव होने की संभावना जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हुआ है, जिसके प्रभाव से 2 से 5 अप्रैल के बीच उत्तर पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। वहीं, 3 से 4 अप्रैल को तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कई जगहों पर ओलावृष्टि भी देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग ने क्या कहा?

आईएमडी के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी होने के आसार हैं। जिसमें जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड शामिल हैं। वहीं, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में गरज और चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। साथ ही ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य भारत हो सकती है भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य भारत के राज्यों में 6 अप्रैल तक गरज और चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। कई स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में आने वाले एक दो दिनों तक तापमान में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। यहां पर तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहने की संभावना है। साथ ही कई जगहों पर 50 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी देखने को मिल सकती हैं।

दिल्ली का मौसम कैसा रहने वाला है?

दिल्ली के मौसम के बारे में जानें तो, यहां पर गरज और चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। दिल्ली में एक बार फिर से मौसम बदल रहा है। साथ ही कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

यूपी-बिहार में बदल सकता है मौसम

यूपी-बिहार में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिल सकता है। जिससे बारिश होने की संभावना है। यूपी में 3 से 5 अप्रैल तक हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, बिहार में गरज और चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं देखने को मिल सकती हैं।

Created On :   2 April 2026 1:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story