BJP On Congress: 'कांग्रेस पार्टी कॉमेडियन और जोकरों की पार्टी...', राहुल गांधी के मिमिक्री वाले वीडियो पर भड़क उठी बीजेपी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री वाले वीडियो के बाहर आने के बाद से ही बीजेपी और कांग्रेस के बीच विवाद बढ़ गया है। कांग्रेस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह वीडियो शेयर किया गया है। इसमें एक कलाकार राहुल गांधी के सामने पीएम मोदी की नकल करता दिख रहा है। वीडियो में राहुल गांधी भी हंसते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को लेकर बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि मिमिक्री के समय पीएम मोदी की दिवंगत मामं को लेकर भी मजाक किया गया है। कई नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा है। वहीं, बीजेपी नेताओं ने इसे बुजुर्ग महिला का अपमान भी बताया है।
रिजिजू और स्मृति ईरानी ने साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस अब कॉमेडियन और जोकरों की पार्टी बन गई है। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो मध्य प्रदेश के इंदौर का है, जहां पीएम मोदी का मजाक बनाया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी वीडियो को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने लिखा, "जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।" इनके अलावा बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता नहीं, बल्कि ट्रोल्स के नेता हैं।
यह भी पढ़े -पाकिस्तान पुलिस ने विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे पीटीआई सदस्यों को पकड़ा, वित्त मंत्री बोले 'धरने से देश को नुकसान'
बुजुर्ग महिला के अपमान का आरोप
वीडियो में मिमिक्री आर्टिस्ट पुलकित मनी पीएम मोदी की नकल करते नजर आते हैं। बीजेपी नेताओं का आरोप है कि इस दौरान पीएम मोदी की मां से जुड़ी एक घटना का भी मजाक बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इसे बुजुर्ग मां का अपमान बताया है और उन्होंने कहा है कि एक तरफ सम्मान और अपनापन दिखाया जाता है, जबकि दूसरी तरफ बुजुर्ग मां का मजाक बनाया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के मंच पर पीएम मोदी की दिवंगत मां का अपमान किया गया है।
यह भी पढ़े -एशियन गेम्स भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रन से हराया, फाइनल में श्रीलंका से सामना
मोहन यादव और रेखा गुप्ता ने भी दिया बयान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि अगर कार्यक्रम छात्रों का था तो राहुल गांधी को उनसे बातचीत करनी चाहिए थी। वे छात्रों के सवाल सुन सकते थे और उनके साथ चर्चा कर सकते थे। उन्होंने कहा कि इस तरह पीएम मोदी की मिमिक्री करना और बुजुर्ग महिला का मजाक उड़ाना सही नहीं है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी वीडियो पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी की दिवंगत मां को लेकर गलत टिप्पणी करना ठीक नहीं है।
Created On :   20 Sept 2026 2:01 PM IST













