Supreme Court Nutrition Guidelines: चिप्स-बिस्कुट खरीदने से पहले पैकेट पर जरूर देखें ये जानकारी, सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को दिया बड़ा निर्देश

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बाजार से चिप्स, बिस्कुट, नमकीन या कोल्ड ड्रिंक खरीदते समय ज्यादातर लोग पैकेट पर दी गई जानकारी को नजरअंदाज कर देते हैं। कुछ लोग लेबल देखते भी हैं तो उनकी नजर कैलोरी, फैट और एडेड शुगर की मात्रा पर ही रहती है। हालांकि, किसी खाद्य पदार्थ में कुल कितनी चीनी मौजूद है, इसकी जानकारी होना भी उतना ही जरूरी है।
इसी को ध्यान में रखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम निर्देश दिया है। कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से कहा है कि पैकेट बंद खाद्य पदार्थों पर चेतावनी का नियम तय करते समय केवल एडेड शुगर को आधार न बनाया जाए, बल्कि टोटल शुगर की मात्रा भी देखी जाए। यानी पैकेट के सामने लगने वाली चेतावनी कुल चीनी की मात्रा के हिसाब से तय होनी चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को नए नियमों को अंतिम रूप देने के लिए करीब चार महीने का समय दिया है। इन नियमों के लागू होने के बाद लोगों को खाद्य पदार्थों में मौजूद चीनी और फैट की मात्रा को समझने में आसानी होगी।
यह भी पढ़े -विपक्ष पर बरसे सत्तारूढ़ NDA नेता, बोले- कांग्रेस ने संविधान की धज्जियां उड़ाईं, आपातकाल की दिलाई याद
क्या है सुप्रीम कोर्ट का फैसला?
अब तक खाद्य पदार्थों पर चेतावनी से जुड़े मानकों में एडेड शुगर और एडेड फैट को प्रमुखता दी जा रही थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि नए मानक तय करते समय टोटल शुगर और सैचुरेटेड फैट की मात्रा को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
कोर्ट ने चीनी, फैट और नमक की मात्रा के आधार पर चेतावनी देने के लिए जरूरी सीमा तय करने की जिम्मेदारी FSSAI को सौंपी है। इसका मकसद लोगों को खाद्य पदार्थों के पोषण से जुड़ी सही जानकारी देना है।
दरअसल, कई पैकेट बंद उत्पादों पर 'नो एडेड शुगर' लिखा होता है। इसका मतलब है कि उनमें अलग से चीनी नहीं मिलाई गई है। लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि उस उत्पाद में चीनी बिल्कुल नहीं है। प्रोसेसिंग या उसमें इस्तेमाल की गई सामग्री के कारण उसमें प्राकृतिक रूप से काफी चीनी हो सकती है।
ऐसे में अब पैकेट के सामने चेतावनी लगाने का फैसला टोटल शुगर और सैचुरेटेड फैट की तय सीमा के आधार पर किया जाएगा। अगर किसी उत्पाद में चीनी की मात्रा निर्धारित सीमा से ज्यादा होती है, तो उस पर हाई शुगर की चेतावनी लगाई जा सकती है। हालांकि, इसके लिए पहले नए मानक तय होंगे और फिर उन्हें लागू किया जाएगा।
एडेड शुगर और टोटल शुगर में क्या अंतर है?
दोनों के बीच अंतर समझना काफी आसान है। मान लीजिए आप दूध वाली चाय पी रहे हैं और उसमें दो चम्मच चीनी अलग से मिलाते हैं। यह अलग से डाली गई चीनी एडेड शुगर कहलाती है।
वहीं, दूध में प्राकृतिक रूप से मौजूद लैक्टोज भी चीनी का ही एक प्रकार है। ऐसे में दूध से मिलने वाली प्राकृतिक चीनी और चाय में अलग से मिलाई गई चीनी को जोड़कर टोटल शुगर की मात्रा पता चलती है।
यानी एडेड शुगर से सिर्फ यह पता चलता है कि किसी उत्पाद में बाहर से कितनी चीनी मिलाई गई है, जबकि टोटल शुगर में प्राकृतिक और अलग से मिलाई गई, दोनों तरह की चीनी शामिल होती हैं।
यह भी पढ़े -शरद पवार के राजनीति से संन्यास का फैसला जनता करेगी, राज्यसभा का अभी पांच साल कार्यकाल बाकी - सुप्रिया सुले
पहले क्या थे चीनी और फैट से जुड़े नियम?
FSSAI ने साल 2024 में जारी ICMR-NIN की डाइटरी गाइडलाइंस के आधार पर चीनी, फैट और नमक से जुड़े कुछ मानक तय किए थे।
इन मानकों के मुताबिक, 100 ग्राम ठोस खाद्य पदार्थ में 3 ग्राम एडेड शुगर और 4.2 ग्राम एडेड फैट की सीमा तय की गई थी। वहीं, 100 मिलीलीटर पेय पदार्थ में एडेड शुगर की सीमा 2 ग्राम और एडेड फैट की सीमा 1.5 ग्राम रखी गई थी।
इस मामले में याचिकाकर्ता की दलील थी कि अगर चेतावनी के लिए सिर्फ एडेड शुगर को आधार बनाया जाता है तो खाद्य पदार्थों में पहले से मौजूद प्राकृतिक चीनी की मात्रा का पता नहीं चल पाता। इससे उपभोक्ताओं को उत्पाद की पूरी जानकारी नहीं मिलती।
ज्यादा चीनी खाने से सेहत को क्या नुकसान?
खाने-पीने की चीजों में जरूरत से ज्यादा चीनी का सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे वजन बढ़ने और मोटापे की समस्या हो सकती है। लंबे समय तक अधिक चीनी खाने से टाइप-2 डायबिटीज का खतरा भी बढ़ सकता है।
इसके अलावा ज्यादा चीनी दांतों में सड़न की वजह बन सकती है। खानपान में लंबे समय तक असंतुलन रहने से दिल की बीमारियों का जोखिम भी बढ़ सकता है।
न्यूट्रिशन पॉलिसी एक्सपर्ट और न्यूट्रिशन एडवोकेसी इन पब्लिक इंटरेस्ट के कन्वीनर डॉ. अरुण गुप्ता के मुताबिक, टोटल शुगर को आधार बनाकर चेतावनी देने का फैसला अच्छा कदम है। इससे उपभोक्ताओं को पता चल सकेगा कि वे जो खाद्य पदार्थ खा रहे हैं, उसमें कुल कितनी चीनी मौजूद है।
उनका कहना है कि एडेड शुगर से केवल अलग से मिलाई गई चीनी की जानकारी मिलती है। ऐसे में टोटल शुगर को शामिल करने से उपभोक्ताओं को उत्पाद की पोषण संबंधी जानकारी ज्यादा स्पष्ट रूप से मिल सकेगी।
Created On :  

