किसानों का विरोध: भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसानों का दिल्ली कूच, शंभू बॉर्डर सील, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर किसान विरोध कर रहे हैं। मंगलवार (21 जुलाई) को देश के अलग-अलग हिस्सों से किसानों ने दिल्ली के किसान घाट पहुंचने की तैयारी की है। पंजाब से भी बड़ी संख्या में किसान सुबह फतेहगढ़ साहिब से दिल्ली की ओर निकले। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने पंजाब और हरियाणा को जोड़ने वाला शंभू बॉर्डर बंद कर दिया है। यहां बैरिकेड लगाकर रास्तों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इससे पहले हरियाणा में पुलिस ने कुछ किसान नेताओं को हिरासत में लिया था। अब दिल्ली की ओर बढ़ रहे किसानों को रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
यह भी पढ़े -अमेरिका ने ईरान पर किए नए हमले; होर्मुज स्ट्रेट में सैन्य क्षमता को किया टारगेट सेंटकॉम
शंभू बॉर्डर पर बढ़ाई गई सुरक्षा
किसानों के दिल्ली जाने की खबर के बाद शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सुबह करीब 5:30 बजे दोनों तरफ के रास्ते बंद कर दिए गए। बताया जा रहा है कि इसकी तैयारी रात से ही शुरू हो गई थी। पहले किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पुलिस ने बैरिकेड लगा दिए। दूसरी ओर, फतेहगढ़ साहिब से किसानों के कई जत्थे दिल्ली की तरफ निकल चुके हैं।
किसान नेता बोले- बातचीत से निकले रास्ता
किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील का विरोध किया है। उनका कहना है कि सरकार को किसानों से बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मांग रखने के लिए कुछ घंटों के लिए किसान घाट जाना चाहते हैं। पंधेर के मुताबिक, किसानों और मजदूरों की बात सुनी जानी चाहिए और किसी भी मुद्दे का हल बातचीत के जरिए निकालना चाहिए।
खेती से जुड़े समझौते पर किसानों ने उठाए सवाल
विरोध कर रहे किसानों का कहना है कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील से खेती और डेयरी से जुड़े लोगों पर असर पड़ सकता है। किसान नेताओं ने कपास, सोयाबीन, मक्का और ड्राई फ्रूट जैसे उत्पादों को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सरकार को समझौते की पूरी जानकारी लोगों के सामने रखनी चाहिए। किसान नेताओं ने यह भी कहा कि उनकी तरफ से किसी तरह का टकराव नहीं किया जाएगा और विरोध शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा।
Created On :   21 July 2026 10:34 AM IST









