एनडीए संसदीय दल की बैठक: पीएम मोदी ने नीट पेपर लीक को बताया महापाप कहा, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

पीएम मोदी ने नीट पेपर लीक को बताया महापाप कहा, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
संसद का मॉनसून सत्र चल रहा है, आज सत्र का दूसरा दिन है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस संसदीय दल की बैठक और 'मंगल मिलन' कार्यक्रम हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और NDA के अन्य नेता इस बैठक में शामिल हुए। पीएम मोदी भी एनडीए संसदीय दल की बैठक 'मंगल मिलन' के लिए पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेता पहुंचे। संसद का मॉनसून सत्र चल रहा है, आज सत्र का दूसरा दिन है। पीएम मोदी ने नीट पेपर लीक को महापाप बताते हुए कहा दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। और इसकी अधिक जानकारी संसदीय कार्यमंत्री ने मीडिया के सामने दी।

NDA संसदीय दल की बैठक मंगल मिलन शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और NDA के अन्य नेता नई दिल्ली में संसद पुस्तकालय भवन के G.M.C. बालयोगी ऑडिटोरियम में हो रही इस बैठक में शामिल हो रहे हैं।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने NDA संसदीय दल की बैठक 'मंगल मिलन' के बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए कहा प्रधानमंत्री ने सभी को मार्गदर्शन दिया, यह बैठक बहुत सार्थक रही। प्रधानमंत्री ने कई अहम मुद्दों पर बात की और अपना मार्गदर्शन दिया। उन्होंने हाल के महीनों में देश की कामयाबियों का जिक्र किया और अलग-अलग देशों के साथ हुए FTA के बारे में बात की। इन समझौतों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी, उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्हें कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी देश के साथ होने वाले FTA में किसानों का कल्याण सबसे अहम होता है, ताकि ये समझौते किसानों और देश, दोनों के ही सर्वोत्तम हितों को पूरा कर सकें।

केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने आगे कहा नीट परीक्षा के बारे में पीएम ने बताया कि गड़बड़ी की खबरें मिलने पर सरकार ने तुरंत कार्रवाई की, 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके अलावा, छात्रों के भविष्य को प्राथमिकता देते हुए, बिना किसी देरी के दोबारा परीक्षा कराई गई और नतीजे घोषित किए गए। उन्होंने भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए जा रहे कड़े कदमों के बारे में भी बताया। उन्होंने दोषियों को सजा देने और मिलकर एक ऐसी व्यवस्था बनाने पर जोर दिया जिसमें कोई कमी न हो।

उन्होंने आगे कहा NDA चल रहे मॉनसून सत्र के दौरान सकारात्मक भूमिका निभाएगा। देश के हित में लाए जाने वाले बिलों को पारित कराने के हमारे संकल्प में हम एकजुट हैं। हम विपक्ष से भी आग्रह करते हैं कि भले ही अलग-अलग पार्टियों की राय अलग-अलग हो, लेकिन वे देश, उसके भविष्य और युवाओं के लिए मिलकर काम करें।

बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन शुक्ला ने NDA संसदीय दल की बैठक 'मंगल मिलन' पर एएनआई से कहा NEET पेपर लीक मामले में जो 13 अपराधी पकड़े गए हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। आने वाले समय में कोई भी भारत में बच्चों के भविष्य के साथ खेलने की जुर्रत न करे।

भाजपा सांसद कंगना रनौत ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा प्रधानमंत्री ने हमें मार्गदर्शन दिया और कई चीजों पर निर्देश भी दिए। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि युवाओं की कई उम्मीदों को कैसे पूरा किया जाए। उन्होंने NEET के बारे में अपनी रणनीतियां भी साझा कीं।

Created On :   21 July 2026 10:13 AM IST

Tags

Next Story