Maharashtra Politics: शिवसेना (UBT) के 6 सांसदों के पाला बदलने पर विवाद, अदालत पहुंचा उद्धव गुट, SC सुनवाई को तैयार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना (UBT) के 6 सांसदों के एकनाथ शिंदे की शिवसेना में जाने का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। मंगलवार (21 जुलाई) को उद्धव ठाकरे गुट ने कोर्ट से इस मामले की जल्द सुनवाई करने की मांग की। पार्टी की ओर से वरिष्ठ वकील देवदत्त कामत ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि शिवसेना के दोनों गुटों से जुड़ा विवाद पहले से कोर्ट में चल रहा है। इस बीच लोकसभा स्पीकर ने 6 सांसदों के विलय को मंजूरी दे दी। उद्धव गुट का कहना है कि इससे संसद में उनके काम पर असर पड़ेगा। चीफ जस्टिस ने मामले को जल्द सुनवाई के लिए लगाने की बात कही।
शिंदे गुट में गए 6 सांसद
उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) के 6 सांसद अब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं। इनमें संजय देशमुख, संजय जाधव, संजय दीना पाटिल, नागेश पाटिल-अष्टिकार, ओमप्रकाश राजेनिंबालकर और भाऊसाहेब वाकचौरे शामिल हैं। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इस विलय को मान्यता दे दी है। इसके बाद शिंदे गुट के सांसदों की संख्या 7 से बढ़कर 13 हो गई है। वहीं, शिवसेना (UBT) के पास अब केवल 3 सांसद बचे हैं।
स्पीकर के फैसले पर उद्धव गुट ने उठाए सवाल
बता दें कि, शिवसेना (UBT) ने लोकसभा स्पीकर के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। पार्टी का कहना है कि संसद का सत्र शुरू होने से ठीक पहले यह फैसला लिया गया। इससे संसद में पार्टी के काम पर सीधा असर पड़ सकता है।
उद्धव गुट का कहना है कि पार्टी से चुने गए सांसद उसकी मंजूरी के बिना दूसरे विरोधी दल में शामिल नहीं हो सकते। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट से जल्द सुनवाई की मांग की है।
2022 से चल रहा शिवसेना का विवाद
शिवसेना में बड़ा विवाद साल 2022 में शुरू हुआ था। उस समय एकनाथ शिंदे के साथ कई विधायक अलग हो गए थे। इसके बाद उद्धव ठाकरे को महाराष्ट्र की सत्ता छोड़नी पड़ी थी। फरवरी 2023 में चुनाव आयोग ने शिवसेना नाम और उसका पुराना चुनाव चिन्ह ‘तीर-धनुष’ एकनाथ शिंदे गुट को दे दिया था। उद्धव ठाकरे गुट ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। यह मामला पहले से कोर्ट में चल रहा है। अब 6 सांसदों के शिंदे गुट में जाने से दोनों पक्षों के बीच विवाद फिर बढ़ गया है।
Created On :   21 July 2026 5:07 PM IST








