Delhi Riots Case: शरजील इमाम की जमानत पर फिर सुनवाई, कोर्ट ने मांगा पुलिस से जवाब, इन दिन होगी अगली सुनवाई

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में शरजील इमाम ने एक बार फिर जमानत की मांग की है। यह मामला साल 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों से जुड़ा है। इसी केस में उमर खालिद ने भी जमानत याचिका दाखिल की है। कोर्ट ने इस पर दिल्ली पुलिस को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। अब मामले की अगली सुनवाई 4 जुलाई को होगी। शरजील इमाम पिछले करीब छह साल से जेल में हैं। उनकी ओर से कहा गया है कि इतने लंबे समय के बाद भी केस में ज्यादा प्रगति नहीं हुई है। इसी आधार पर उन्होंने दोबारा जमानत की मांग की है।
यह भी पढ़े -14 उम्मीदवारों की निर्विरोध जीत, MP और गुजरात में BJP का क्लीन स्वीप, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कांग्रेस के 4 सांसद चुने गए
कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब
कड़कड़डूमा कोर्ट के वेकेशन जज डॉ. सुमेध कुमार सेठी ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने पुलिस से जमानत याचिका पर जवाब देने को कहा है। इस मामले की अगली सुनवाई 4 जुलाई को तय की गई है।
जमानत याचिका में क्या कहा गया?
शरजील इमाम ने अपनी नई याचिका में कहा है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा जमानत खारिज किए जाने के छह महीने बाद भी केस में खास प्रगति नहीं हुई। आरोप तय करने की प्रक्रिया भी अभी पूरी नहीं हो सकी है। इसी वजह से उन्होंने फिर से जमानत देने की मांग की है।
कौन हैं शरजील इमाम?
शरजील इमाम ने IIT बॉम्बे से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उन पर CAA विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ भाषण देने और दंगा भड़काने के आरोप हैं। इस मामले में उन पर UAPA भी लगाया गया है। वह साल 2020 से तिहाड़ जेल में बंद हैं। इसी साल उन्हें अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए कुछ दिनों की पैरोल भी मिली थी।
Created On :   13 Jun 2026 4:14 PM IST









