MP News: नागौद राजघराने में खूनी बवाल, प्रमिका ने बाबा राजा की पत्नी को मारी गोली, योगिता की हालत गंभीर

नागौद राजघराने में खूनी बवाल, प्रमिका ने बाबा राजा की पत्नी को मारी गोली, योगिता की हालत गंभीर
सतना की परसमनिया गढ़ी में पत्नी योगिता सिंह और प्रेमिका सुनीता सिंह के विवाद के दौरान फायरिंग हुई। योगिता सिंह घायल हो गईं।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के सतना जिले की परसमनिया गढ़ी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नागौद राजघराने से जुड़े इस परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह और प्रेमिका सुनीता सिंह के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए योगिता सिंह अपने परिजनों के साथ गढ़ी पहुंची थीं। दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी, लेकिन गुरुवार दोपहर हालात अचानक बिगड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग की नौबत आ गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

विवाद सुलझाने पहुंची थीं योगिता सिंह

जानकारी के अनुसार, योगिता सिंह दो दिन पहले अपने परिवार के लोगों के साथ परसमनिया गढ़ी पहुंची थीं। परिवार के भीतर चल रहे विवाद को खत्म करने के लिए दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो रही थी। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे बड़े झगड़े में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने माहौल शांत कराने की कोशिश की लेकिन मामला और बिगड़ गया।

फायरिंग में घायल हुईं योगिता सिंह

आरोप है कि विवाद के दौरान सुनीता सिंह ने अपनी लाइसेंसी 22 बोर राइफल से फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि करीब नौ राउंड गोलियां चलाई गईं। इसी दौरान एक गोली योगिता सिंह के पेट में लग गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पहले सतना में इलाज किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर रीवा के विंध्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर पेट में फंसी गोली निकाल दी। फिलहाल योगिता सिंह आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने राइफल जब्त कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। हालात को देखते हुए परसमनिया गढ़ी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने सुनीता सिंह को हिरासत में ले लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी राइफल भी जब्त कर ली गई है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर विवाद इतना ज्यादा कैसे बढ़ गया कि गोली चलाने की नौबत आ गई।

Created On :   13 Jun 2026 2:25 PM IST

Tags

Next Story