E-Auto Registration: दिल्ली में बढ़ रहे वायु प्रदूषण को लेकर CAQM का बड़ा ऐलान, अब राजधानी में बढ़ेंगे ई-ऑटो

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी लगातार वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। उसको मद्देनजर रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया गया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने साफ कर दिया है कि आने वाले समय में धीरे-धीरे डीजल और सीएनजी ऑटो की जगह इलेक्ट्रिक ऑटो को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत तय समय के बाद नए गैर-इलेक्ट्रिक तीन पहिया वाहनों का पंजीकरण बंद कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़े -ईंधन मूल्य वृद्धि पर भाकपा (माले) का केंद्र पर हमला, कहा-जनता पर थोपी जा रही आर्थिक नाकामियों की कीमत
कब से लागू होगा नया नियम?
आयोग के मुताबिक राजधानी दिल्ली में 1 जनवरी 2027 से सिर्फ इलेक्ट्रिक तीन पहिया वाहनों का ही पंजीकरण होगा। वहीं गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और सोनीपत जैसे इलाकों में यह नियम 1 जनवरी, 2028 से लागू किया जाएगा। बाकी एनसीआर क्षेत्रों में इसे 1 जनवरी 2029 से लागू करने की तैयारी है।
प्रदूषण रोकने पर सख्ती
आयोग ने साफ कहा है कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण कम करने के लिए यह कदम लेना काफी आवश्यक है। इसके अलावा पूरे इलाके में 1 अक्टूबर 2026 से 'प्रदूषण जांच नहीं तो ईंधन नहीं' का नियम भी लागू होगा। यानी जिन वाहनों के पास पॉल्यूशन कंट्रोल सर्टिफिकेट नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल या डीजल नहीं दिया जाएगा।
यह भी पढ़े -ईरान का चाबहार बंदरगाह भारत के लिए जरूरी, नई दिल्ली में ब्रिक्स मीटिंग के बाद ईरानी विदेश मंत्री ने क्यों कही ये बात?
पराली जलाने पर भी सख्त आदेश
पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश सरकारों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने कहा है कि धान की पराली जलाने की घटनाओं को पूरी तरह रोकने के लिए मजबूत योजना लागू करनी होगी, ताकि सर्दियों में बढ़ने वाले प्रदूषण को कम किया जा सके।
फिलहाल कैसी है हवा?
दिल्ली में फिलहाल हवा की स्थिति पहले से कुछ बेहतर बताई जा रही है। ज्यादातर निगरानी केंद्रों पर हवा मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। हालांकि कुछ इलाकों में हवा अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। अधिकारियों का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा मिलने से आने वाले समय में प्रदूषण कम करने में मदद मिल सकती है।
Created On :   15 May 2026 11:02 PM IST











