Haryana Road Accident: जोरदार टक्कर के बाद कार पर पलटा ट्रक, 5 की मौत, झज्जर हाईवे पर बड़ी सड़क दुर्घटना

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। हरियाणा से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां झज्जर हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हुआ है। इसमें 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक ट्रक और कार में भीषण टक्कर होने से इतनी बड़ी दुर्घटना हो गई। भिडंत के बाद ट्रक, कार के ऊपर पलट गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, सूचना मिलने के बाद पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और लोगों को अस्पताल भेजा गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस मामले की जांच-पड़ताल जारी है।
5 ने गंवाई जान
झज्जर के सिविल हॉस्पिटल के डॉ. मोहित ने कहा कि पांच लोगों को यहां मृत लाया गया। उनकी मौत रेवाड़ी रोड पर एक एक्सीडेंट में हुई। कल पोस्ट-मॉर्टम के बाद और जानकारी मिलेगी।
एसीपी ने दी अहम सूचना
झज्जर ACP सुरेंद्र कुमार ने हादसे से जुड़ी अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक कार और ट्रक के बीच टक्कर हुई। टक्कर के बाद ट्रक कार के ऊपर गिर गया। कार में पांच लोग थे, उनमें से चार यूपी के थे, और एक झज्जर का था।
यह भी पढ़े -असम में पीएम मोदी ने साधा था कांग्रेस पर निशाना, तो भड़क गए खड़गे, कहा- 'अगर वे फेल होते हैं तो वो हर चीज के लिए...'
सड़क हादसों के बढ़े मामले
देश में इन दिनों सड़क हादसों के कई मामले सामने आ रहे हैं। दरअसल, ठंड के मौसम में धुंध के चलते विजिबिलिटी कम हो जाती है जिससे कई दिर्घटनाएं होती हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश के मथुरा में बड़ा हादसा हुआ था। यहां यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा से दिल्ली जा रहे 11 वाहनों के बीच भीषण टक्कर होने के बाद हड़कंप मच गया था। हादसे में 8 बसें और 3 कार शामिल हैं। दुर्घटना में 13 की मौत और करीब 70 लोग घायल हुए थे।
Created On :   24 Dec 2025 10:31 AM IST













